नई दिल्ली। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल में भारत से मिली हार के बाद टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमान संभालने वाले स्टीव स्मिथ ने वनडे से संन्यास ले लिया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बुधवार को इसकी घोषणा की है।
ऑस्ट्रेलिया को मंगलवार को भारत के हाथों चार विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में स्मिथ टीम की कमान संभाल रहे थे। वह टेस्ट खेलते रहेंगे और टी-20 इंटरनेशनल में वह काफी समय से टीम से बाहर चल रहे हैं।

35 साल के स्मिथ ने भारत से हार के तुरंत बाद अपने साथियों को बता दिया था कि उन्होंने अपना अंतिम वनडे मैच खेल लिया है।
इससे पहले स्टीव स्मिथ ने माना कि भारत के खिलाफ मैच में उनका विकेट अहम मोड़ साबित हुआ। स्मिथ 37वें ओवर में 73 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे और ऐसा लग रहा था कि वह टीम को अंतिम ओवरों तक ले जाएंगे।
लेकिन तभी उन्होंने मोहम्मद शमी की फुल टॉस गेंद को खेलने के लिए कदम बढ़ाया, लेकिन चूक गए। गेंद उनके ऑफ स्टंप से टकरा गई और वे क्लीन बोल्ड हो गए।
इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने बचे हुए 75 गेंदों में सिर्फ 66 रन जोड़े। हालांकि, एलेक्स कैरी ने 57 गेंदों पर 61 रन की शानदार पारी खेली और नाथन एलिस ने भी कुछ बड़े शॉट लगाए, लेकिन स्मिथ का विकेट भारत की पकड़ मजबूत करने वाला क्षण साबित हुआ।




