मैनपुरी। उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए गुरुवार को 37 जिलों में मतदान हो रहा है। इस बीच मैनपुरी से एक दुखद समाचार सामने आया है। यहां चुनाव ड्यूटी पर जा रहे उपजिलाधिकारी वीरेंद्र कुमार मित्तल का गुरुवार को एक अस्पताल में निधन हो गया। चिकित्सकों ने उनकी मौत की वजह हार्टअटैक बतायी है।
2018 बैच के पीसीएस अधिकारी वीरेंद्र कुमार मित्तल वर्तमान में जिलाधिकारी कार्यालय से सम्बद्ध थे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निकाय चुनाव की घोषणा के बाद उन्हें नगर पंचायत ज्योंती खुड़िया का निर्वाचन अधिकारी बनाया था।
सिविल लाइन स्थित आवास पर गुरुवार सुबह वे मतदान संपन्न कराने के लिए तैयार हो रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके सीने में दर्द उठा। घरवाले आनन-फानन में उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह, सीडीओ सहित तमाम प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने शोक व्यक्त किया है।
Read More: लखनऊ के गोमती नगर में निर्माणाधीन इमारत गिरी, मजदूर दबे, एक की मौत




