हरदोई। उत्तर प्रदेश (UP NEWS) के हरदोई जिले के पचदेवरा थाना क्षेत्र में एक आठ साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने रेप के बाद हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मासूम बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रही थी। वहीं,घर के बड़े होली मिलन में मशगूल थे। इसी बीच बुधवार की शाम करीब सात बजे मासूम गायब हो गई। परिजनों ने समझा कि मासूम गांव में ही रहने वाली अपनी बुआ के यहां चली गई है। जब वह कुछ समय बाद घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। बच्ची के गायब होने की जानकारी गांव में भी फैल गई। ग्रामीणों ने मासूम को ढूंढना शुरू किया।
करीब तीन घंटे बाद मासूम अर्धनग्न हालत में खून से लथपथ अपने घर के बाहर पड़ी मिली। कुछ दूरी पर उसकी चप्पलें भी पड़ी हुई थी। मासूम की हालत देख घबराए परिजन उसे लेकर शाहजहांपुर इलाज के लिए भागे। कांट पहुंचते ही बालिका ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
मासूम के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि जब वह रात को खेत से लौटा, तो उसकी बेटी घर के दरवाजे के एक ओर अर्धनग्न हालत में बेहोश पड़ी थी। पिता ने बताया कि उसकी बेटी मृत अवस्था मे थी, पास में एक लावा मोबाइल भी पड़ा था।
पीड़ित पिता के मुताबिक उसके भाई व नौकर ने बताया कि जब मासूम खेल रही थी, तो गांव का लड़का कृष्णा पाठक (25) वहां मौजूद था। मासूम के पिता ने आरोप लगाया कि आरोपी कृष्णा पाठक ने ही उसकी बेटी को अपने घर ले जाकर दुष्कर्म किया और उसकी हत्या कर दी।
पचदेवरा क्षेत्र में मासूम के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने जांच के दौरान पारिवारिक चाचा कृष्णा पाठक के घर से बालिका के कपड़े बरामद किए। साथ ही उसके घर में कमरे के अंदर चारपाई पर खून भी मिला। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया हैं।
Read More: लखनऊ के गोमती नगर में निर्माणाधीन इमारत गिरी, मजदूर दबे, एक की मौत




