img

लखनऊ। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और चेयरमैन एम देवराज के बीच रविवार को दोपहर हड़ताल खत्म करने पर सहमति बनी। वार्ता के बाद संघर्ष समिति ने इसका एलान किया। बता दें कि रविवार को ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और कर्मचारी नेताओं के बीच दूसरे दौर की बातचीत हुई। यूपी में बिजली कर्मियों की हड़ताल अभी-अभी खत्म हो गई है।

65 घंटे चली हड़ताल से यूपी की जनता परेशान थी। रविवार दोपहर को ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और बिजली कर्मचारी नेताओं के बीच दूसरे राउंड की बैठक में बात बनी। इसके बाद बिजली कर्मचारी संघर्ष समिति के संयोजक शैलेंद्र दुबे ने हड़ताल खत्म होने का ऐलान किया। इस दौरान ऊर्जा मंत्री भी मौजूद रहे हैं।

शैलेंद्र दुबे ने कहा कि सरकार ने जिन 3000 बिजली कर्मचारियों को नौकरी से बाहर किया है। उनको वापस लिया जाएगा। इसके अलावा, 22 लोगों पर एस्मा लगाया था, 29 लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ था। इसे भी सरकार वापस लेगी। यह हड़ताल ऊर्जा मंत्री के आश्वासन और हाईकोर्ट के सम्मान में वापस हुई है। हालांकि, एक बार फिर से कर्मचारियों को कहीं भी कोई लिखित आश्वासन नहीं मिला है।"

रविवार सुबह 11 बजे दूसरे राउंड की वार्ता के लिए कर्मचारी नेता बैठक में पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे तक मंत्री का इंतजार किया। मगर, ऊर्जा मंत्री नहीं आए। इसके बाद संघर्ष समिति के नेता लोग चले गए। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के शैलेंद्र दुबे ने कहा कि ऊर्जा मंत्री ने रविवार को बातचीत के लिए बुलाया था। इसलिए, हम लोग आए थे। लेकिन, मंत्री नहीं आए।

इससे पहले, शनिवार रात ऊर्जा मंत्री और विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बीच 3 घंटे की पहली मैराथन बैठक हुई। मगर, इसमें कोई नतीजा नहीं निकला। बिजली कटौती से प्रदेश में करीब 50 लाख उपभोक्ता परेशान हैं।

 


Read More: लखनऊ: AC ठीक करने के बहाने से घर में घुसे बदमाशों ने महिला का गला रेता, गहने लूटकर फरार