img

लखनऊ। UP State Bridge Corporation News: उप्र राज्य सेतु निगम में 28 सहायक अभियंता की सीधी भर्ती किये जाने की विज्ञप्ति प्रकाशित होने के बाद अब सीधी भर्ती निरस्त कर दी गयी है। उप्र राज्य सेतु निगम के महाप्रबंधक मुख्यालय जय किशोर ने शनिवार को इसकी जानकारी दी है।

उन्होंने बताया कि देश के अच्छे विश्वविद्यालयों से शिक्षा लेकर अभियंता बनने वाले लोगों के लिए सहायक अभियंता के पद पर सीधी भर्ती होनी थी। इसके लिए छह मार्च को एक विज्ञप्ति भी जारी की गयी, जिसमें 28 सहायक अभियंता की सीधी भर्ती के लिए तमाम आवश्यक बिन्दुओं की जानकारी साझा की गयी थी।

उन्होंने बताया कि उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद विशेष परिस्थिति में विज्ञप्ति को रद्द करते हुए सीधी भर्ती को भी निरस्त किया गया है। आगे इस संबंध में दूसरी सूचना जारी हो सकती है, जिसके लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा।

उल्लेखनीय है कि उप्र राज्य सेतु निगम में सीधी भर्ती के माध्यम से सहायक अभियंताओं को रखा जाना था। जिसके लिए जनरल, ओबीसी, एससी और ईडब्लूएस कैटेगरी के अंतर्गत वैकेन्सी को बांटा गया। सूचना जारी होने के साथ ही लोगों ने अपने आवेदन करने की तैयारी की और अब उनमें थोड़ी मायूसी छायी है। (हि.स)


Read More: लखनऊ के गोमती नगर में निर्माणाधीन इमारत गिरी, मजदूर दबे, एक की मौत