लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री आशुतोष गोपाल टंडन उर्फ गोपालजी का निधन हो गया। उन्होंने लखनऊ के मेदांता अस्पताल में गुरुवार को अंतिम सांस ली। आशुतोष गोपाल टंडन कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे।

उत्तर प्रदेश में साल 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद आशुतोष गोपाल टंडन को योगी सरकार में मंत्री बनाया गया था। वर्तमान में वे लखनऊ पूर्व सीट से विधायक थे।
आशुतोष गोपाल टंडन मध्य प्रदेश के पूर्व राज्यपाल और लखनऊ के पूर्व सांसद लालजी टंडन के बेटे थे। लालजी टंडन को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का बेहद करीबी माना जाता था। भाजपा ने वाजपेयी के बाद 2009 में लालजी टंडन को लखनऊ से अपना लोकसभा उम्मीदवार बनाया था।
लखनऊ के सांसद और देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने विधायक आशुतोष टण्डन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं लखनऊ पूर्व के विधायक आशुतोष टंडन उर्फ़ ‘गोपालजी’ के निधन से मुझे गहरा दुःख हुआ।
राजनाथ सिंह ने एक्स पर कहा कि गोपालजी का राजनीतिक जीवन लखनऊ वासियों की सेवा में समर्पित था। पार्टी को मज़बूती देने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। लखनऊ और प्रदेश के विकास के लिए, उनके द्वारा किए गए कार्य हमेशा याद रखे जाएंगे। दुःख की इस घड़ी में उनके शोकाकुल परिवार के प्रति मैं अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्ति करता हूँ। ओम शान्ति।
Read More: लखनऊ के गोमती नगर में निर्माणाधीन इमारत गिरी, मजदूर दबे, एक की मौत




