बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई । यहां बेटी के प्रेम प्रसंग के नाराज पिता ने उसे और उसके प्रेमी को फावड़े से काट डाला। इसके बाद आरोपी पिता फावड़ा लेकर पुलिस थाने पहुंचा और आत्मसमपर्ण कर दिया। घटना बिल्सी थाना क्षेत्र के परौली गांव में हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह साढ़े चार बजे के करीब पिता महेश ने अपनी बेटी नीतू और उसके प्रेमी सचिन की फावड़े से काटकर हत्या कर दी। सचिन के घरवालों ने बताया कि उसका प्रेम प्रसंग गांव के रहने वाले महेश की बेटी नीतू से करीब ढाई साल से चल रहा था। इसकी वजह से नीतू के घरवाले सचिन से नाराज थे।
नीतू मंगलवार भोर में सचिन से मिलने गई थी। इसी दौरान पिता महेश ने अपने परिवार के लोगों के साथ नीतू और सचिन की फावड़े से काटकर हत्या कर दी। नीतू और सचिन की हत्या करने के बाद आरोपी महेश फावड़ा लेकर थाने पहुंच गया और उसने आत्मसमपर्ण कर आपबीती बतायी।
दोहरे हत्याकांड के बाद थाना पहुंचे महेश की कहानी सुनकर पुलिस के हाथ पांव फूल गए और पुलिस घटनास्थल के लिए दौड़ पड़ी। पुलिस ने दोनों शवों को एक ही जगह से बरामद करके पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मामले में एसएसपी डॉक्टर ओपी सिंह ने बताया प्रेमिका के पिता द्वारा दोनों की हत्या की गई है। दोनों के शव गांव में एक ही जगह मिले हैं। पुलिस आरोपी पिता से पूछताछ कर रही है। घटना में शामिल अन्य आरोपितों के भी जल्द ही जांच पड़ताल कर गिरफ्तारी की जाएगी। युवक सचिन के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Read More: सपा के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र चौधरी की तबीयत बिगड़ी, लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती




