img

संभल । उत्तर प्रदेश के संभल में मंगलवार को स्कूल खोल दिए गए हैं पर इंटरनेट आज भी बंद है। पूरे शहर में रैफिड एक्शन फोर्स ( RAF ) पुलिस के साथ मार्च कर रही है। जामा मस्जिद जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग है। हिंसा प्रभावित इलाके में अभी भी हालात सामान्य नहीं हुए हैं। ज्यादातर लोग घर छोड़कर चले गए। घरों के बाहर ताले लटके हैं।

इधर, मंगलवार को फिर सपा सांसद रामगोपाल यादव ने प्रशासन पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- प्रशासन ने जानबूझकर अशांति पैदा करने का काम किया। अगर कहीं से न्याय नहीं मिलेगा तो निराश होकर व्यक्ति क्या करेगा? संसद में हमारी प्राथमिकता संभल का मुद्दा है। हम इसे छोड़ नहीं सकते।

इधर, हिंदू पक्ष के वकील विष्णु शंकर को धमकी मिली है। उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पर उनकी मां को गाली दी जा रही है। जैन ने कहा- मैं लड़ रहा हूं, लड़ता रहूंगा। जिसको जो धमकी देनी है देता रहे, मैं अपना काम करता रहूंगा।

सोमवार को संभल के सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क और सदर विधायक नवाब इकबाल महमूद के बेटे सुहैल इकबाल पर हिंसा भड़काने की FIR दर्ज की है। पुलिस ने हिंसा से जुड़े मामले में 7 FIR दर्ज की हैं। इनमें 6 नामजद और 2500 से ज्यादा अज्ञात हैं। अब तक 25 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। रविवार को जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हिंसा भड़की थी। पथराव, फायरिंग में 4 लोगों की मौत हुई।


Read More: यूपी के मऊ में दर्दनाक हादसा, दूसरी लेन में घुसी स्कॉर्पियो, ट्रेलर से टकराई, 5 की मौत