एंटरटेनमेंट डेस्क। अभिनेत्री माधुरी दीक्षित और तृप्ति डिमरी की बहुप्रतीक्षित डार्क कॉमेडी फिल्म 'मां बहन' का टीजर आखिरकार रिलीज हो गया है। इसके साथ ही निर्माताओं ने फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है।
सुरेश त्रिवेणी के निर्देशन में बनी यह फिल्म लंबे समय से चर्चा में थी और अब दर्शकों के बीच आने के लिए तैयार है। सुरेश इससे पहले विद्या बालन स्टारर 'तुम्हारी सुलु' के लिए सराहे जा चुके हैं। 'मां बहन' 4 जून 2026 को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। फिल्म को लेकर फैंस के बीच अभी से जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
करीब 46 सेकंड के टीजर में माधुरी दीक्षित और तृप्ति डिमरी एक लाश को ठिकाने लगाने की कोशिश करती नजर आती हैं। इस दौरान धर्णा दुर्गा भी उनकी मदद करती दिखाई देती हैं। फिल्म में तृप्ति और धर्णा, माधुरी की बेटियों के किरदार में हैं। टीजर में डार्क ह्यूमर, रहस्य और हल्की-फुल्की कॉमेडी का अनोखा मिश्रण देखने को मिलता है। रवि किशन भी फिल्म में अहम भूमिका निभा रहे हैं। कहानी एक अनचाहे अपराध और उससे पैदा हुई मुश्किलों के इर्द-गिर्द घूमती नजर आ रही है।
टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। माधुरी दीक्षित का अलग अंदाज और तृप्ति डिमरी की दमदार मौजूदगी को काफी पसंद किया जा रहा है।




