img

बिजनेस डेस्क। नए वर्ष 2024 का आगाज हो चुका है. नए साल के साथ-साथ कई नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव हो गए हैं। इनमें सिम कार्ड से लेकर आयकर रिटर्न (आईटीआर) से जुड़े नियम शामिल हैं। नियमों को बदलाव से आम आदमी पर बड़ा प्रभाव पड़ने वाला है। आज ही इन नियमों के बारे जानें।

UPI आईडी होगा बंद

एनपीसीआई ने अपनी नई गाइडलाइन में कहा है कि यदि कोई यूपीआई यूजर एक साल तक अपने यूपीआई आईडी से किसी भी तरह का कोई लेन-देन नहीं करता है तो उसकी यूपीआई आईडी बंद कर दी जाएगी। एक साल की अवधि के दौरान दौरान कोई उपभोक्ता यदि अपने खाते का बैलेंस भी चेक करता है तो उसकी आईडी बंद नहीं होगी।

बीमा पॉलिसी में बदलाव

भारतीय बीमा नियामक व विकास प्राधिकरण (इरडा) ने एक जनवरी से सभी बीमा कंपनियों के लिए पॉलिसीधारकों को ग्राहक सूचना पत्र देना अनिवार्य कर दिया है। इस दस्तावेज़ का उद्देश्य बीमा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी को सरल शब्दों में समझाना है।

बैंक लॉकर समझौते

बैंकों में लॉकर रखने वाले व्यक्तियों के लिए, एक महत्वपूर्ण समय सीमा थी 31 दिसंबर 2023। इस दिन तक जिन लोगों ने संशोधित बैंक लॉकर समझौते पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं उनके लॉकर आज यानी एक जनवरी से फ्रीज किए जा सकते हैं। इस संंबंध में आज से बैंक अपना निर्णय लेना शुरू कर देंगे।

आयकर रिटर्न दाखिल करना

जो करदाता वित्त वर्ष 2022-23 (आकलन वर्ष 2023-24) के लिए अपना आयकर रिटर्न अब तक दाखिल करने में विफल रहे हैं, उनके पास अब बिलेटेड रिटर्न दाखिल करने का विकल्प आज से मौजूद नहीं है। इसके अतिरिक्त, अपने रिटर्न में त्रुटियों वाले व्यक्ति संशोधित रिटर्न जमा करने में भी असमर्थ होंगे।

सिम कार्ड लेना होगा कठिन

नए दूरसंचार बिल के लागू होने के साथ सिम कार्ड खरीदने और बनाए रखने की प्रक्रिया में भी एक जनवरी 2024 से बदलाव हो रहा है। ऑनलाइन धोखाधड़ी को रोकने के लिए, सरकार सिम कार्ड की बिक्री और खरीद को नियंत्रित करने वाले कड़े नियम लागू कर रही है। अब सिम कार्ड प्राप्त करने के लिए डिजिटल नो योर कस्टमर (केवाईसी) प्रक्रिया अनिवार्य है। दूरसंचार कंपनियों को सिम कार्ड अधिग्रहण प्रक्रिया के दौरान ग्राहकों को बायोमेट्रिक डेटा देने की जरूरत होगी। नकली सिम कार्ड रखने पर तीन साल तक की कैद और 50 लाख रुपये का भारी जुर्माना हो सकता है। इसके अतिरिक्त, सिम विक्रेता अब पूरे सत्यापन के बाद ही सिम बेच पाएंगे। सिम कार्ड के थोक वितरण पर भी प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।

आधार कार्ड अपडेशन की पड़ेगी फीस

आधार कार्ड के विवरण में मुफ्त में परिवर्तन की आखिरी तारीख भी 31 दिसंबर, 2023 ही थी। ऐसे में आज से आधार कार्ड में अपने व्यक्तिगत विवरण को बदलने के इच्छुक लोगों को 50 रुपये की राशि का भुगतान करना पड़ेगा।

डीमैट अकाउंट में नोमिनेशन

यदि आप स्टॉक मार्केट में ट्रेडिंग करते हैं तो जून 2024 तक हर हाल में डीमैट अकाउंट का नोमिनेशन कराना होगा। पहले यह डेडलाइन 31 दिसंबर 2023 तक तय की गई थी

 


Read More: सरकार ने WhatsApp से यूजरनेम फीचर रोकने को कहा, मेटा को नोटिस, 3 दिन में जवाब मांगा