img

नई दिल्ली । अमेरिका और ईरान में चल रही जंग खत्म होने की उम्मीद के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक बार फिर कच्चे तेल की कीमत में नरमी का रुख बनता हुआ नजर आ रहा है।

सोमवार को ब्रेंट क्रूड और वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड करीब पांच प्रतिशत से अधिक सस्ता हो गया। कीमत में आई इस गिरावट के कारण ब्रेंट क्रूड ने 83.31 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को छू लिया, वहीं डब्ल्यूटीआई क्रूड भी 80 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से नीचे फिसल कर 78.78 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक आ गया।

आज ब्रेंट क्रूड ने 3.97 डॉलर प्रति बैरल की गिरावट के साथ 83.96 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। ट्रेडिंग शुरू होने के कुछ देर बाद इसकी कीमत कुछ देर के लिए उछल कर 84.11 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक आई, लेकिन इसके बाद इसके भाव में गिरावट आ गई।

शुरुआती कारोबार में ही ब्रेंट क्रूड गिर कर 83.31 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया। हालांकि इसके बाद इसके भाव में थोड़ी तेजी भी आई। भारतीय समय के मुताबिक सुबह 9:30 बजे ब्रेंट क्रूड 4.52 डॉलर प्रति बैरल यानी 5.14 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 83.41 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर ट्रेड कर रहा था।

आपको बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर खत्म हो जाने और दोनों देशों द्वारा एक दूसरे के ठिकानों पर लगातार हमला करने की वजह से जुलाई के महीने में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में लगभग 25 प्रतिशत की तेजी आ गई थी। जुलाई के महीने में आई ये तेजी मार्च के बाद से इसकी सबसे बड़ी मासिक बढ़त थी। कच्चे तेल की कीमत में आई इस तेजी से वैश्विक स्तर पर महंगाई को लेकर नई चिंताएं पैदा हो गई। (हि.स.)

 


Read More: अमेरिका - ईरान जंग खत्म होने की उम्मीद के बीच कच्चे तेल का दाम घटा, जानें कितने में बिक रहा