लखनऊ। शायर मुनव्वर राणा की हालत बेहद नाजुक है। उनको आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया है। गुरुवार सुबह 11 बजे अपोलो हॉस्पिटल ने हेल्थ बुलेटिन जारी किया। इसमें बताया गया कि गॉल ब्लेडर में मवाद मिलने की वजह से उनके पूरे शरीर में इन्फेक्शन फैल गया है। डॉक्टरों ने सर्जरी की है। वह पहले से बीपी, शुगर और किडनी डिजीज के पेशेंट हैं। उनको 22 मई की शाम 6 बजे अपोलो में एडमिट कराया गया था।
मुनव्वर राणा की बेटी और सपा नेता सुमैया राणा ने फेसबुक पर लिखा है, "कृपया मेरे पापा के लिए प्रार्थना करें। वो आईसीयू में हैं और घातक बीमारियों से लड़ रहे हैं। पापा के लिए दुआ करें...।' मुनव्वर राणा की बेटी ने बुधवार रात वीडियो जारी करते हुए उनकी खराब सेहत की जानकारी दी। सुमैया राणा ने कहा, 'मेरे पिता मुनव्वर राणा की सेहत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही थी। इसके चलते उन्हें लखनऊ के अपोलो अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।'
उन्होंने कहा, 'पापा की तबीयत पिछले दो-तीन दिनों से खराब है। डायलिसिस के दौरान उनके पेट में दर्द था। इसके चलते डॉक्टर ने उन्हें एडमिट कर लिया। सीटी स्कैन में आया है कि उनके गॉल ब्लेडर में कुछ दिक्कत है। इसके बाद उनकी सर्जरी की गई। अभी वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। राणा की बेटी ने बताया, 'फिलहाल पिता डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टर इन्फेक्शन कम करने की कोशिश कर रहे हैं। अगले 72 घंटे काफी क्रिटिकल बताए हैं। उम्मीद है कि पापा जल्द से जल्द ठीक हो जाएंगे।'
Read More: लखनऊ के गोमती नगर में निर्माणाधीन इमारत गिरी, मजदूर दबे, एक की मौत




