img

लखनऊ। Lok Sabha Election UP : लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें और अंतिम चरण में शनिवार को उप्र की 13 सीटों पर सुबह सात बजे से मतदान जारी है। शाम पांच बजे तक 54 फीसदी मतदान हुआ है।

चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक महाराजगंज 58.66 प्रतिशत, गोरखपुर 52.53 प्रतिशत, कुशीनगर 56.04 प्रतिशत, देवरिया 54.13 प्रतिशत, बांसगांव (सुरक्षित) 50.06 प्रतिशत, घोसी 53.19 प्रतिशत, सलेमपुर 50.21 प्रतिशत, बलिया 50.56 प्रतिशत, गाजीपुर 53.53 प्रतिशत, चंदौली 58.19 प्रतिशत, वाराणसी 54.58 प्रतिशत, मिर्जापुर 55.83 प्रतिशत और राबर्टसगंज (सुरक्षित) 54.25 प्रतिशत में मतदान हुआ है। 


सातवें और आखिरी चरण की 13 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 144 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 134 पुरुष एवं 10 महिला प्रत्याशी हैं। सातवें चरण में सबसे अधिक 28 उम्मीदवार घोसी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में तथा सबसे कम 07 प्रत्याशी देवरिया एवं वाराणसी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में हैं। 02 करोड़ 50 लाख 56 हजार 877 मतदाता हैं, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित 144 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे।

बलिया में वोट देने पहुंचे बुजुर्ग की मौत

बलिया में वोट देने पहुंचे एक बुजुर्ग की पोलिंग बूथ पर मौत हो गई। वह मतदान करने के लिए लाइन में लगा था, तभी वह बेहोश होकर गिर पड़ा। थोड़ी देर में उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों का कहना है कि बुजुर्ग की मौत गर्मी की वजह से हुई।

गाजीपुर में दरोगा समेत तीन पुलिस कर्मी बेहोश

सपा ने चुनाव आयोग से 2 घंटे में 40 से ज्यादा शिकायतें की हैं। ज्यादातर शिकायतें EVM से जुड़ी हुई हैं। गाजीपुर में गर्मी से दरोगा समेत 3 पुलिसकर्मी बेहोश हो गए। तीनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

इन सीटों पर सबकी नजरें

आखिरी चरण के इस चुनावी मैदान में मुख्यरूप से वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, चंदौली से केंद्रीय मंत्री डॉ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय, मीरजापुर से केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, महाराजगंज से केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी और गोरखपुर से भोजपुरी अभिनेता व सांसद रवि किशन हैं। वहीं, प्रधानमंत्री के खिलाफ इंडिया गठबंधन से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, कुशीनगर से राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के स्वामी प्रसाद मौर्य, गाजीपुर से सपा के अफजाल अंसारी इस चुनाव मैदान में हैं।

भाजपा ने देवरिया, बलिया और गाजीपुर में नये चेहरे मैदान में उतारे हैं। घोसी में पिछला चुनाव भाजपा हार गई थी। एनडीए गठबंधन में ये सीट सुभासपा के पास है। सुभासपा ने डॉ. अरविन्द राजभर को टिकट दिया है।
 


Read More: PM मोदी ने UP के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का किया उद्घाटन, कहा-इसे हरिद्वार से भी जोड़ेंगे