नई दिल्ली। अगर आपको भारत से बाहर किसी अन्य देश में जाना है, तो उसके लिए आपके पास पासपोर्ट होना जरूरी है। पासपोर्ट बनवाने के बारे में यह एक आम सोच है कि इसकी प्रक्रिया बहुत कठिन होती है। इसमें कोई संदेह नहीं है कि सुरक्षा की दृष्टि से सख्त सत्यापन प्रक्रिया का पालन किया जाता है। लेकिन यह प्रक्रिया बहुत ही महत्वपूर्ण लेकिन सामान्य है।
पासपोर्ट बनवाने के लिए अब दफ्तरों और एजेंटों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। क्योंकि अब आप खुद भी ऑनलाइन माध्यम से पासपोर्ट के लिए आवेदन कर सकते हैं। हम आपको इसकी सामान्य प्रक्रिया बताएंगे-
ऑनलाइन आवेदन कैसे करें-
— सरकार हर सार्वजनिक कार्यालय और उसके कामकाज को डिजिटल बनाने में लगी है। इससे अब पासपोर्ट बनवाने के लिए आवेदन करना काफी आसान हो गया है। आप केवल ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
— इसके लिए आपको https://www.passportindia.gov.in/ वेबसाइट पर जाना होगा। सबसे पहले आपको इस वेबसाइट पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा और इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो जाती है।
— पंजीकरण के बाद, आपको संलग्न किए जा रहे दस्तावेजों में उल्लिखित अपनी सामान्य जानकारी जैसे नाम, पता, मोबाइल नंबर, सही जन्म तिथि और ई-मेल आईडी भरनी होगी। इसके अलावा आपको अपने नजदीकी पासपोर्ट कार्यालय की भी जानकारी देनी होगी।
— सामान्य जानकारी भरने के बाद आप पासपोर्ट सेवा के विकल्प पर जाएं और कंटिन्यू के विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद अप्लाई फॉर फ्रेश पासपोर्ट/रीइश्यू ऑफ पासपोर्ट के विकल्प पर क्लिक करें।
— इसके बाद क्लिक हियर टू फिल के विकल्प पर क्लिक करने के बाद अगले पेज पर जाएं और वहां पर आपसे मांगी जा रही जानकारी को सही और सावधानी से भरें।
— इसके बाद आपको सबमिट ऑप्शन पर क्लिक करना होगा और फिर अपना आवेदन सबमिट करना होगा। दिए गए ऑप्शन पर जाकर आपको अपने नजदीकी पासपोर्ट ऑफिस का अप्वाइंटमेंट लेना होगा।
— इसके बाद आपको आवेदन के लिए निर्धारित शुल्क भी ऑनलाइन माध्यम से ही जमा करना होगा।
— आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद आवेदन शुल्क के साथ पूरे आवेदन का पीडीएफ डाउनलोड या प्रिंट आउट ले लें।
— इसके बाद जिस दिन आपका नजदीकी पासपोर्ट कार्यालय में अपॉइंटमेंट हो उस दिन जन्मतिथि का सत्यापन करने के लिए प्रमाण पत्र, अपना पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज लेकर कार्यालय पहुंचें और वहां की जाने वाली आगे की प्रक्रिया को पूरा करें।
— इसके बाद आपके द्वारा दी गई जानकारी की जांच के लिए पुलिस वेरिफिकेशन होगा।
— इन सभी प्रक्रियाओं के बाद आपका पासपोर्ट डाक द्वारा आपके पते पर पहुंचा दिया जाएगा।
Read More: पेट्रोल-डीजल 3-3 रुपये महंगा, नई दर आज से लागू, CNG के भी दाम बढ़े




