img

कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में पिता, पुत्री और दामाद की भूमि विवाद में हत्या कर दी गई। इससे गुस्साए लोगों ने आधा दर्जन घरों में आग लगा दी और पथराव किया। सूचना के बाद चायल और सिराथू सीओ कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ पहुंचकर हालात को काबू करने में लगे हैं। घटना का कारण भूमि विवाद बताया जा रहा है। 

मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीजी भानु भास्कर, आईजी चंद्रप्रकाश, कमिश्नर विजय विश्वास पंत, एसपी कौशांबी बृजेश श्रीवास्तव भारी फोर्स के साथ गांव में पहुंच गए हैं। पीड़ित परिवार के लोग आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलवाने की मांग कर रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक छबिलवा निवासी होरीलाल (62) का  पंडा चौराहा पर मौजूद जमीन को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। होरीलाल ने विवादित भूमि पर झोपड़ी डालकर अपना कब्जा कर रखा था। कोखराज कोतवाली के कंकराबाद में ब्याही उसकी बेटी बृजकली (22) व दामाद  शिवसागर(26) भी इसी झोपड़ी में रहते थे। शिवसागर ने पास में ही किराए की दुकान लेकर सहज जन सेवा केंद्र खोल रखा था।

गुरुवार रात होरी लाल अपने दामाद और बेटी के साथ झोपड़ी के बाहरी हिस्से में सो रहे थे। परिवार वालों का कहना है कि रात को कुछ लोगों ने तीनों की गोली मारकर हत्या कर दी। परिजनों को शुक्रवार को घटना की जानकारी हुई। पड़ोसियों का घर बंद था। तीन हत्या की खबर मिलते ही ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया।

अक्रोशित परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिल बंद घरों को आग के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई । एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि फोर्स मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पाने का प्रयास कर रही है। जल्द ही घटना का वाजिब कारण पता लग जाएगा। फिलहाल भूमि संबंधी विवाद का मामला पता चल रहा है। 


Read More: लखनऊ के गोमती नगर में निर्माणाधीन इमारत गिरी, मजदूर दबे, एक की मौत