कानपुर। Chandra Grahan News: भारत में इस साल का दूसरा चंद्र ग्रहण 28 और 29 अक्टूबर की मध्य रात्रि को लगेगा। खगोलीय घटनाओं में दिलचस्पी रखने वाले लोगों के लिए यह एक सुनहरा मौका है। उत्तर प्रदेश में यह चन्द्र ग्रहण (Chandra Grahan 2023) आधी रात के बाद दिखाई देगा। यह जानकारी शुक्रवार को चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ.एस.एन.सुनील पांडेय ने दी।

उन्होंने बताया कि बीते सप्ताह अमेरिका में सूर्य ग्रहण लगा था, जिसके 14 दिनों के बाद अब भारत में चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है। यह आंशिक चंद्र ग्रहण होगा।
उल्लेखनीय है कि पूर्णिमा के दौरान चंद्र ग्रहण लगता है। चंद्रमा और सूर्य के बीच जब पृथ्वी आ जाती है, तो ग्रहण लगता है। जब पृथ्वी की छाया चांद पर पड़ती है, तो चांद हमें लाल रंग का नजर आता है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ.एस.एन.सुनील पांडेय ने बताया कि पृथ्वी की दो तरह की छाया, पहली पेनुम्ब्रा और दूसरी उम्ब्रा पड़ती है। बाहरी या हल्की छाया पेनुम्ब्रा होती है, जिसे उपच्छाया चरण कहते हैं। 28 अक्टूबर की रात साढ़े 11 बजे के बाद चंद्रमा इसमें प्रवेश करेगा।
इसके बाद 29 अक्टूबर को रात को एक बजकर पांच मिनट पर चांद उम्ब्रा में प्रवेश करेगा। पृथ्वी की गहरी परछाई उम्ब्रा होती है। उम्ब्रा में चांद एक घंटा 19 मिनट रहने के बाद 2:24 बजे के बाद इससे बाहर आ जाएगा।
भारत में कहां-कहां नजर आएगा चंद्र ग्रहण
भारत में आधी रात के बाद जब चांद उम्ब्रा में प्रवेश करेगा तो हमें यह साफ नजर आएगा। भारत में दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे, अहमदाबाद, सूरत, जयपुर, कानपुर, लखनऊ, नागपुर, कोयंबटूर, नासिक, रायपुर, भोपाल, जोधपुर, प्रयागराज, देहरादून और पटना समेत भारत के दूसरे इलाकों में नजर आएगा।
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि स्पेस डॉट कॉम की रिपोर्ट में बताया गया है कि यह चंद्र ग्रहण कई स्थानों पर नजर आएगा। यूरोप, एशिया, ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका, उत्तरी अमेरिकी, पूर्वोत्तर दक्षिण अमेरिका और प्रशांत महासागर से इस ग्रहण को देखा जा सकता है।
Read More: राजस्थान के श्रीगंगानगर में आसमान से बरस रही है आग, पारा 44 डिग्री के पार,देश का सबसे गर्म शहर रहा




