डेस्क। आजकल हर व्यक्ति अपने सुरक्षित भविष्य के लिए किसी न किसी योजना में निवेश करना चाहता है। ऐसे में हम आपको एक ऐसे योजना के बारे में बताने जा रहे है जो आपके भविष्य के लिए बेहतर होगा। घर में बहन, बेटी और पत्नी के नाम आप महिला सम्मान बचत प्रमाणपत्र 2023 में निवेश का अच्छा फायदा उठा सकते हैं। महिला सम्मान बचत प्रमाणपत्र योजना 1 अप्रैल से शुरू की गई है।
इस योजना की घोषणा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट के दौरान की थी। यह विशेष रूप से बेहतर ब्याज दरों वाली महिलाओं के लिए शुरू की गई एक जमा योजना है। जब से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी 26 अप्रैल को योजना के तहत अपना खाता खोलने के लिए संसद मार्ग स्थित डाकघर में लाइन में खड़ी हुईं, तब से एमएसएससी के बारे में चर्चा तेज हो गई है। खाता खुलवाने के बाद स्मृति ईरानी ने भी ट्वीट कर युवतियों से इस छोटी सी योजना का लाभ लेने की अपील की. अगर आप भी इस योजना के तहत खाता खोलने की तैयारी कर रहे हैं तो यहां जानिए इस योजना से जुड़ी हर जरूरी बात।
- इस उम्र में महिलाएं खोल सकती हैं खाता : महिला सम्मान बचत योजना के तहत कोई भी महिला अपना खाता खुलवा सकती है। 18 साल से कम उम्र की लड़कियों के लिए उनके माता-पिता यह खाता खुलवा सकते हैं। यानी हर उम्र की महिलाएं इस योजना का लाभ उठा सकती हैं।
- योजना से होने वाला लाभ : महिला सम्मान बचत पत्र योजना महिलाओं को बचत के लिए प्रेरित करने वाली योजना है। इस योजना में महिलाओं को 7.5 फीसदी की दर से ब्याज मिलता है. यह योजना चक्रवृद्धि ब्याज का लाभ प्रदान करती है और ब्याज की गणना तिमाही आधार पर की जाती है। ऐसे में इस योजना के जरिए महिलाओं को जमा राशि पर काफी लाभ मिलता है।
- खाता कब खोला जा सकता है : पोस्ट ऑफिस की यह योजना फिलहाल दो साल के लिए वैध है। इसमें 31 मार्च 2025 तक निवेश किया जा सकता है। कोई भी महिला इसमें 1000 रुपये से लेकर 2 लाख रुपये तक का निवेश कर सकती है।
- ऐसे खोल सकते हैं खाता : MSSC खाता खोलने के लिए, आपको निकटतम डाकघर शाखा में जाना होगा। यहां आपको अकाउंट ओपनिंग फॉर्म-1 भरना होगा। इसके साथ ही आधार कार्ड और पैन कार्ड जैसे केवाईसी दस्तावेजों की कॉपी और अन्य जरूरी दस्तावेज देने होते हैं।
- निकासी का नियम : योजना दो साल में परिपक्व होती है। दो साल के बाद आपको आपकी जमा राशि ब्याज सहित वापस मिल जाती है। लेकिन अगर आपको बीच में पैसों की जरूरत पड़ती है तो आप 1 साल पूरा होने के बाद जमा पैसे का 40% तक निकाल सकते हैं। यानी अगर आपने 2 लाख रुपए जमा किए हैं तो एक साल बाद आप 80 हजार रुपए निकाल सकते हैं।
- प्रीमैच्योर क्लोजर के क्या नियम हैं : खाताधारक के गंभीर रूप से बीमार पड़ने या उसकी मृत्यु होने पर खाता खोलने के छह महीने बाद महिला सम्मान बचत पत्र योजना खाता बंद किया जा सकता है। लेकिन इस मामले में ब्याज दर में 2% की कमी करके पैसा वापस कर दिया जाता है। ऐसे में 5.5 फीसदी की दर से ब्याज देना होगा.
- क्या इस योजना में कर लाभ उपलब्ध हैं : डाकघर की सभी योजनाएं कर लाभ प्रदान करती हैं, लेकिन इस योजना में कर लाभ के किसी प्रावधान का उल्लेख नहीं है।
Read More: सरकार ने WhatsApp से यूजरनेम फीचर रोकने को कहा, मेटा को नोटिस, 3 दिन में जवाब मांगा




