प्रयागराज/लखनऊ। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने बुधवार को अतीक अहमद और उसके करीबियों के ठिकानों पर छापा मारा है। ईडी ने अब तक 150 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति की पहचान की है, जो जब्ती की प्रक्रिया में है।
ईडी के संयुक्त निदेशक जितेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने प्रयागराज के कालिंदीपुरम में रहने वाले खालिद जफर और जफर खान, गुलफुल, खान शौकत हनीफ आदि लोगों के यहां छापा मारा है। लूकरगंज और करेली में भी ईडी का छापा पड़ा है। खालिद, अतीक का फाइनेंसर है। उस पर अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन को पनाह देने का भी आरोप है। ईडी के अधिकारियों ने अतीक के 12 से ज्यादा करीबियों के बारे में जानकारी जुटाई है।
सूत्रों के मुताबिक, बड़े बिल्डर और पीवीआर के मालिक संजीव अग्रवाल के यहां से एक करोड़ कैश और हीरे-सोने के गहने मिले हैं। अतीक के रिश्तेदार खालिद जफर, वकील खान सौलत हनीफ, अकाउंटेंट सीताराम शुक्ला और गुलफुल प्रधान के यहां छापेमारी चल रही है। यह छापेमारी मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले के संबंध में है।
वहीं, कसारी मसारी के कालिंदीपुरम इलाके में अतीक के करीबी रिश्तेदार खालिद जफर के घर पर ईडी की छापेमारी चल रही है। 120 फीट रोड पर खालिद जफर का 3 मंजिला आलीशान बंगला है। तीन गाड़ियों से बुधवार सुबह ईडी के करीब 18 अधिकारी पहुंचे हैं। खालिद जफर अतीक की प्रॉपर्टी का काम देखता है। ईडी ने परिवार के सदस्यों के मोबाइल जब्त कर लिए हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। सुबह 7 बजे से खालिद जफर के घर पर छापेमारी चल रही है। सूत्रों का कहना है कि अतीक के 10 से ज्यादा ठिकानों पर भी ईडी की छापेमारी चल रही है।
अतीक अहमद के वकील रहे खान सौलत हनीफ के घर पर भी ईडी की छापेमारी चल रही है। प्रयागराज के कबीर मंदिर चौराहा राजरूपपुर में सौलत हनीफ का घर है। सौलत हनीफ भी उमेश पाल अपहरण मामले में उम्रकैद की सजा पा चुका है। इस समय सौलत हनीफ नैनी सेंट्रल जेल में बंद है।
Read More: लखनऊ के गोमती नगर में निर्माणाधीन इमारत गिरी, मजदूर दबे, एक की मौत




