img

नई दिल्ली। सस्ते लोन का रास्ता साफ हो गया है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने ब्याज दर में 0.25 फीसदी की कटौती की है, जो घटकर अब 5.25 फीसदी हो गया है। आरबीआई के गवर्नर संजय मल्‍होत्रा ने शुक्रवार को मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की समीक्षा बैठक के बाद समीति के फैसलों की जानकारी दी। इसके साथ ही आर्थिक वृद्धि के अनुमान को 6.8 फीसदी से बढ़ाकर 7.3 फीसदी और महंगाई दर के अनुमान को 2.6 फीसदी से घटाकर दो फीसदी कर दिया है।

RBI के गवर्नर संजय मल्‍होत्रा ने मौद्रिक नीति समिति (MPC) की 3 दिसंबर को शुरू हुई तीन दिवसीय 5वीं दिवसीय द्विमासिक एमपीसी बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि एमपीसी ने आम सहमति से प्रमुख नीतिगत दर रेपो रेट को 0.25 फीसदी घटाकर 5.25 फीसदी करने का निर्णय किया है।

गवर्नर संजय मल्‍होत्रा ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रोथ को गति देने के लिए यह फैसला जरूरी थl। उन्‍होंने कहा कि मजबूत आर्थिक वृद्धि और मुद्रास्फीति में नरमी के बीच रिजर्व बैंक ने नीतिगत दर में यह कटौती की है। मल्‍होत्रा ने कहा कि इसके साथ ही आरबीआई ने चालू वित्त वर्ष 202526 के लिए आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान को 6.8 फीसदी से बढ़ाकर 7.3 फीसदी कर दिया गया है। इसके अलावा महंगाई दर के अनुमान को 2.6 फीसदी से घटाकर दो फीसदी कर दिया गया है।

ताजा कटौती के बाद 20 साल के ₹20 लाख के लोन पर ईएमआई 310 रुपए तक घट जाएगी। इसी तरह ₹30 लाख के लोन पर ईएमआई 465 रुपए तक घट जाएगी। नए और मौजूदा ग्राहकों दोनों को इसका फायदा मिलेगा।

बता दें कि RBI ने फरवरी से जून तक रेपो रेट में कुल 1 फीसदी की कटौती की थी। लेकिन पिछली दो बैठकों (अगस्त और सितंबर-अक्‍टूबर) में इसमें कोई बदलाव नहीं किया था। कटौती के बाद रेपो घटकर 5.25 फीसदी हो गया है। केंद्रीय बैंक के इस फैसले से होम लोन और अन्य लोन की EMI कम होने की संभावना है, जिससे लोगों पर वित्तीय बोझ कम होगा। (हि.स)
 

 


Read More: सोने की कीमत में गिरावट, चांदी भी फिसली, जानें आपने शहर का रेट