लखनऊ। महिला पहलवानों से यौन शोषण के आरोपी बृजभूषण शरण सिंह का कैसरगंज लोकसभा सीट टिकट कट गया है भारतीय जनता पार्टी ने बृजभूषण के बेटे करण भूषण सिंह को कैसरगंज लोकसभा का टिकट दिया है।
गुरूवार को भाजपा केन्द्रीय कार्यालय से जारी सूची में करण भूषण सिंह को कैसरगंज से लोकसभा उम्मीदवार बनाये जाने की आधिकारिक घोषणा की गयी। करण भूषण सिंह 03 मई को कैसरगंज से नामांकन दाखिल करेंगे। उनके समर्थकों ने उनके नाम से चार सेट में पर्चा खरीद लिया है। पांचवे चरण के चुनाव के लिए नामांकन करने की अंतिम तिथि 03 मई है। इसलिए वह कल नामांकन करेंगे।
कैसरगंज से भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगा था। इसके बाद भाजपा की देशभर में फजीहत भी हुई। इसके बाद से यह आशंका जताई जा रही थी कि बृजभूषण सिंह को भाजपा लोकसभा का टिकट नहीं देगी। बृजभूषण सिंह का कैसरगंज लोकसभा के साथ-साथ आसपास के जनपदों में भी प्रभाव है। वह गोण्डा से भी सांसद रह चुके हैं।
बृजभूषण के बड़े बेटे प्रतीक भूषण सिंह गोण्डा सदर विधानसभा से भाजपा के विधायक हैं। अब उनके छोटे बेटे करण भूषण सिंह को कैसरगंज से उम्मीदवार बनाया गया है। करण भूषण सिंह ने विदेश से पढ़ाई की है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया से बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई की है। वह डबल ट्रैप शूटिंग के नेशनल खिलाड़ी रह चुके हैं। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष हैं।
Read More: PM मोदी ने UP के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का किया उद्घाटन, कहा-इसे हरिद्वार से भी जोड़ेंगे




