नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार ने आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन ही रिकॉर्ड तेजी के साथ कारोबार की शुरुआत की। आज के कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों ने ऑल टाइम हाई ओपनिंग और ऑल टाइम हाई लेवल का नया रिकॉर्ड बनाया। सेंसेक्स आज पहली बार 73 हजार अंक के स्तर के ऊपर और निफ्टी 22 हजार अंक के ऊपर खुला।

कारोबार की शुरुआत होने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से इन दोनों सूचकांकों ने तेजी दिखा कर मजबूती का नया रिकॉर्ड बनाया। लेकिन थोड़ी ही देर बाद मुनाफावसूली शुरू हो जाने की वजह से इन दोनों सूचकांकों में गिरावट भी दर्ज की गई। इसके बावजूद सेंसेक्स और निफ्टी लगातार हरे निशान में बने रहे। पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.68 प्रतिशत और निफ्टी 0.53 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
आज के कारोबार में आईटी सेक्टर के शेयरों में जबरदस्त तेजी नजर आ रही है। शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से विप्रो, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजी, इंफोसिस और एलटी माइंडट्री के शेयर 7.27 प्रतिशत से लेकर 1.62 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर एचडीएफसी लाइफ, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, अडाणी पोर्ट्स, आयशर मोटर्स और बजाज फाइनेंस के शेयर 2.83 प्रतिशत से लेकर 1.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आ रहे थे।
Read More: रुपया अबतक के सबसे रिकॉर्ड लो स्तर तक लुढ़का, 1 डॉलर की कीमत 95.20 रुपए हुई




