डुमरियागंज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को यहां भारतीय जनता पार्टी के डुमरियागंज से प्रत्याशी जगदंबिका पाल के समर्थन में जनसभा की। उन्होंने कहा कि पांच चरण का चुनाव हो गया है। देश के अंदर एक लहर है, जनता जनार्दन के मन में जो भावनाएं हैं, उसे देखकर मैं कह सकता हूं कि चार जून का परिणाम को लेकर साफ दिखाई दे रहा है। चार जून को चार सौ पार। चार सौ पार का नारा देख समाजवादी पार्टीचारों खाने चित्त हो जाती है।
उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस जनता को गुमराह करने में लगे हैं। इन दोनों लड़कों के सामने कोई और चारा बचा ही नहीं है। सपा की संवेदना बेटी, व्यापारी, गरीब, युवा के लिए नहीं है। इनकी संवेदना माफिया के लिए है। इसलिए जनता इन्हें नकार देती है। 2017, 2019, 2022 में इन्हें चारों खाने चित्त किया है। 2024 में भी इनके साथ यही होने वाला है।
योगी ने कहा कि हम सब सौभाग्यशाली हैं कि विकसित भारत की यात्रा को देख सकते हैं। आने वाली पीढ़ी से कह सकेंगे कि हम सब इस यात्रा के सहभागी रहे हैं। सपा-कांग्रेस की सरकार में आतंकियों का बोलबाला था। हर दिन समाचार पत्र घोटालों की खबरों से रंगे होते थे। आतंकवाद पर इनकी लाचारगी देखते ही बनती थी। आज स्थिति बदल गयी है। भारत के बारे में अब धारणा है कि हम किसी को छेड़ेंगे नहीं और यदि कोई छेड़ेगा तो हम उसे छोड़ेंगे नहीं। आज यदि कहीं पटाखा भी फूट जाए तो पाकिस्तान सफाई देते फिरता है।
इसी प्रकार योगी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ये लोग राम भक्तों पर गोली चलवाते थे। भाजपा सरकार आई तो राम मंदिर का निर्माण हुआ। आप लोग जानते हैं जब अखिलेश यादव की सरकार आई तो सबसे पहले इन्होंने आतंकवादियों से मुकदमें वापस लेने का काम किया। ये लोग बेटी की सुरक्षा के लिए भी खतरा बने हुए थे। जो राम का नहीं वह हमारे किसी काम का नहीं।
Read More: PM मोदी ने UP के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का किया उद्घाटन, कहा-इसे हरिद्वार से भी जोड़ेंगे




