लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद की निजामाबाद विधान सभा क्षेत्र से वयोवृद्ध विधायक आलम बदी का 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने आजमगढ़ जनपद की निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक आलम बदी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव समेत अन्य नेताओं ने भी विधायक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
आलम बदी समाजवादी पार्टी से पांचवी बार विधायक चुने गए थे। समाज में उनकी पहचान एक ईमानदार, सरल और जनता के सुलभ नेता के रूप में रही है। बेहद सादगी भरा जीवन उन्होंने जिया है। जिले में समाज सेवा के साथ ही वह विधान सभा में भी अपने क्षेत्र की जनता की आवाज उठाने में कभी पीछे नहीं रहे।
वह हमेशा अपने क्षेत्र की समस्याओं को उठाते रहे हैं। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने आजमगढ़ के कुर्मी टोला स्थित अपने निज निवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन पर क्षेत्र की जनता में शोक की लहर है।
विधान सभा अध्यक्ष महाना ने गुरुवार काे जारी अपने शोक संदेश में कहा कि आलम बदी का निधन प्रदेश की राजनीति एवं सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में जनसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति उल्लेखनीय योगदान दिया। उनका सादगीपूर्ण व्यक्तित्व और जनकल्याण के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। (हि.स.)
Read More: सपा विधायक आलम बदी का निधन, 90 साल में ली अंतिम सांस, 5 बार बने MLA




