धर्म डेस्क। Pitru Paksha 2024: हिंदू धर्म में पितृ पक्ष (Pitru Paksha 2024) का बहुत ज्यादा महत्व माना जाता है. इसमें लोग अपने पूर्वजों का पिंडदान और तर्पण करते हैं। ऐसा माना जाता है कि तर्पण श्राद्ध से पितरों का ऋण चुकाया जाता है. जिससे हमारे पूर्वजों को मोक्ष की प्राप्ति होती है। पितृ पक्ष में तर्पण के अलावा कुछ खास पेड़ों की पूजा और जल अर्पित जरुर करें, इससे पितर प्रसन्न होते हैं।
पीपल
पितृ पक्ष में पीपल के वृक्ष का विशेष महत्व माना जाता है। इस दौरान अगर आप रोजाना पीपल के पेड़ को जल देते हैं तो आपके परिवार में सुख, समृद्धि और सौभाग्य आता है। पुराणों के अनुसार पीपल के वृक्ष में पितरों का वास होता है इसलिए पीपल के पेड़ पर दूध में पानी और तिल मिलाकर चढ़ाना चाहिए, इससे पितर संतुष्ट होते हैं। पितृ पक्ष की रोज शाम पीपल के नीचे तेल का दीपक लगाएं साथ ही पितृ सूक्त का पाठ करें. इससे पितृ दोष खत्म होता है। धन संकट दूर होता है।
तुलसी
तुलसी में लक्ष्मी जी का वास माना गया है। पितृ पक्ष में तुलसी की पूजा करने से पितर भी संतुष्ट हो जाते हैं, साथ ही लक्ष्मी घर में वास करती हैं।
रुद्राक्ष माला भी धारण करें
पितृ दोष के बुरे प्रभाव से बचने के लिए पांचमुखी, सात मुखी, आठमुखी और बारहमुखी रुद्राक्ष धारण करें। यदि ये उपलब्ध न हो पाए तो आप नवग्रह रुद्राक्ष माला भी धारण कर सकते हैं। पितृ पक्ष में शाम को पितरों के नाम एक दीपक जहां पानी रखते हैं वहां भी लगाएं। कहते हैं इससे घर में सुख-शांति बनी रहती है।




