img

लखनऊ । बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सोमवार को अपने जन्मदिन पर बड़ा ऐलान किया। बसपा सुप्रीमो ने पत्रकार वार्ता में कहा कि उनकी पार्टी 2024 का लोकसभा चुनाव अकेले अपने दम पर लड़ेगी।  इसके साथ ही बसपा के INDIA गठबंधन में शामिल होने की कयासबाजी पर विराम लग गया है। मायावती ने कहा- गठबंधन से फायदा कम, नुकसान ज्यादा होता है।


पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि पूरे देश में पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मेरा जन्मदिन जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मना रहे हैं। मैं उन सभी का हृदय से धन्यवाद देती हूं। लोकसभा चुनाव पर उन्होंने कहा कि वह किसी भी गठबंधन में शामिल नहीं होंगी। न ही वह किसी सरकार में शामिल होने जा रही हैं। चुनाव के बाद बाहर से सरकार को समर्थन दे सकती हैं। 

बसपा सुप्रीमों ने कहा कि अयोध्या में बने राम मंदिर के 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का वह स्वागत करती हैं। मस्जिद का भी जब निर्माण होगा, उसका भी स्वागत है। उन्होंने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में जाने का निमंत्रण मिला है। इस समय पार्टी के कामकाज में व्यस्तता की वजह से जाने का अभी फैसला नहीं लिया है।

उन्होंने कहा कि अपनी सरकार में यहां सर्वजन हिताय और सर्वजन सुखाय के तहत सभी के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की थी। इसी को देखते हुए दूसरी पार्टी की सरकारें नाम व थोड़ा सा स्वरूप बदलकर भुनाने में लगी हैं। उन पार्टियों की जातिवादी, पूंजीवादी संकीर्ण एवं सांप्रादायिक सोच होने के चलते लोगों को सही से लाभ नहीं मिल पा रहा है।

केंद्र और राज्य की सरकारें गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई से मुक्ति दिलाने, रोजी-रोटी व रोजगार के साधन उपलब्ध कराने की गारंटी देने के बाजए फ्री में थोड़ा सा राशन देकर इन्हें लाचार और गुलाम बना रही हैं। बसपा की सरकार में हमने लोगों को रोजी-रोटी और रोजगार दिया। वर्तमान में यह कहीं नहीं दिख रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि पिछले कुछ सालों में केंद्र व राज्य की सरकारें अपनी कमियों पर पर्दा डालने के लिए जिस प्रकार से धर्म, संस्कृति की आड़ में राजनीति कर रही हैं। इससे अपने देश का संविधान और लोकतंत्र कमजोर होगा। बसपा अध्यक्ष पत्रकारों के जरिए सभी से अपील करती हैं कि वे अपनी रोजी-रोटी और मान सम्मान, स्वाभिमान और आने वाली पीढ़ियों को बेहतर कल देने के लिए बाबा साहेब के बताये रास्तों पर चलें। इस पर उन्होंने एक पुस्तक का विमोचन भी किया।
 


Read More: लखनऊ के गोमती नगर में निर्माणाधीन इमारत गिरी, मजदूर दबे, एक की मौत