अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के हंसलपुर में सुजुकी मोटर प्लांट में पहुंचे। यहां उन्होंने भारत में बनी पहली मारुति सुजुकी ई-विटारा इलेक्ट्रिक कार को हरी झंडी दिखाकर प्रोडक्शन शुरू किया।
भारत के लिए यह एक बड़ा कदम है, क्योंकि यह इलेक्ट्रिक कार न केवल अपने देश में बनेगी बल्कि दुनिया के 100 देशों में निर्यात भी होगी। इस कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और जापान के राजदूत केइची ओनो भी मौजूद थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि गणेश उत्सव के इस उल्लास में आज भारत की ‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेक फॉर द वर्ल्ड’ यात्रा में नया अध्याय जुड़ गया है। उन्होंने कहा कि आज मारुति अपनी टीन एज (किशोरावस्था) में प्रवेश कर रही है। यह पंख फैलाने और सपनों की उड़ान भरने का कालखंड है।
उन्होंने कहा कि गुजरात में मारुति के इस नए चरण का मतलब है कि आने वाले दिनों में कंपनी नए पंख फैलाएगी और नई उमंग के साथ आगे बढ़ेगी। मोदी ने याद किया कि 2012 में जब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब हंसलपुर में मारुति सुजुकी को जमीन आवंटित की गई थी। उस समय भी विजन आत्मनिर्भर भारत और ‘मेक इन इंडिया’ का था। आज वही प्रयास देश के संकल्पों को साकार कर रहे हैं।
PM मोदी ने कहा कि मारुति सुजुकी जैसी कंपनियां अब मेक इन इंडिया की ब्रांड एंबेसडर बन चुकी हैं। लगातार चार साल से मारुति भारत की सबसे बड़ी कार निर्यातक है। अब इसी पैमाने पर इलेक्ट्रिक वाहन निर्यात की भी शुरुआत हो रही है। (हि.स.)
Read More: Post Office की ये 3 धांसू स्कीम्स दे रही हैं बैंकों से भी ज्यादा ब्याज, आज ही करें निवेश




