img

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी के इंदिरानगर इलाके में दिल दहला देने वाली घटना घटी। यहां एसी ठीक करने के बहाने से घर में घुसे बदमाशों ने एक सरकारी अफसर की पत्नी से लूटपाट की। विरोध करने पर हमलावरों ने धारदार हथियार से महिला का गला रेत दिया। बदमाशों ने महिला से चेन, बाली और अंगूठी छीन लिये। पीड़िता को बेटे और भतीजे ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

भूतनाथ स्थित राजकीय कॉलोनी मकान नंबर बी-32 निवासी हरिश्चंद्र पांडेय उत्तर प्रदेश सचिवालय में साइंस ऐंड टेक्नॉलजी विभाग में अनुसचिव हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार दोपहर बाद करीब 2:30 घर में उनकी पत्नी शशि पांडेय (45), बेटा श्रयांश व यशु थे। श्रयांश और यशु खाना खाकर घर के पिछले कमरे में आराम कर रहे थे। पत्नी किचन में थी। इस दौरान बाइक सवार दो युवकों ने गेट खटखटाया। शशि, कौन है पूछते हुए बाहर आ गई और उन्होंने गेट खोल दिया।

युवकों ने बताया कि उन्हें हरिश्चंद्र पांडेय ने एसी रिपेयर करने के लिए भेजा है। एसी रिपेयर की बात सुनकर शशि हैरत में पड़ गईं। उन्होंने बेटे श्रेयांश को हरिश्चंद्र को कॉल कर पूछने को कहा। मुड़ते ही एक लुटेरे ने महिला का मुंह दबोच लिया। दूसरे लुटेरे में महिला की चेन छीनने का प्रयास किया। चेन बचाने के लिए पीड़िता ने हाथ लगा दिया। लुटेरे ने महिला की कलाई में चाकू से वार किए। विरोध करने पर एक लुटेरे ने महिला की गर्दन रेत दी। फिर लुटेरे अंगूठी उतारने की कोशिश करने लगे।

महिला ने लुटेरे का हाथ पकड़ लिया। इस पर लुटेरे में महिला की कलाई में चाकू से वार कर दिया। हाथापाई करने पर महिला का सिर दीवार में कई बार लड़ा दिया। महिला निढाल होकर गिर गई। इस पर लुटेरों ने बाली नोच ली। महिला के दोनों कान में भी चोट लग गई। लुटेरे जेवर लेकर भाग निकले। इस बीच मां की आवाज सुनकर श्रेयांश बाहर आ गया। फर्श पर खून से लथपथ मां को देखकर श्रेयांश ने पिता और सर्वोदय नगर में रहने वाले चचेरे भाई आशुतोष पांडेय को कॉल कर घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में आशुतोष घर पहुंच गया।

श्रेयांश और आशुतोष ने घायल महिला को शेखर अस्पताल में भर्ती करवाया। पीड़ित पति के मुताबिक शशि आईसीयू में भर्ती हैं। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। मौके पर डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह, एसीपी अनिंद्य विक्रम सिंह और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। एसीपी के मुताबिक पीड़ित अफसर की तहरीर पर गाजीपुर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है।


Read More: अखिलेश यादव के भाई प्रतीक पंचतत्व में विलीन, ससुर ने दी मुखाग्नि, अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए