img

-लड़के का शव गन्ने के खेत से बरामद, लड़की के पिता और भाई को पुलिस ने पकड़ा

गोंडा। जिले में ऑनर किलिंग की दिल दहलाने वाली घटना घटी। यहां प्रेमी-प्रेमिका की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद लड़के की लाश घर से डेढ़ किलोमीटर दूर गन्ने के खेत में फेंक दी गई। जबकि लड़की की लाश को 20 किलोमीटर दूर अयोध्या में रातों-रात दफन कर दिया।

इस खौफनाक वारदात को लड़की के परिवार वालों ने उस वक्त अंजाम दिया, जब युवक प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इस दौरान घरवालों ने लड़के को पकड़ लिया। उसको बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया। लड़की उसे बचाने आई, तो उसे इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। पुलिस ने लड़के के शव को बरामद कर लिया है। मामला धानेपुर थाना क्षेत्र के मेहनौन गांव का है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक गांव के रहने वाले सतीश चौरसिया (20) का आरती चौरसिया (19) से करीब दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों की अक्सर गांव के बाहर मुलाकात होती थी। इस बात का लड़की के घर वाले कई बार विरोध कर चुके थे। करीब एक हफ्ते से आरती घर वालों के डर से सतीश से मिलने नहीं जा पाई थी। इसके चलते उसने सतीश को रात को मिलने अपने घर बुला लिया।

सोमवार आधी रात करीब साढ़े 12 बजे सतीश आरती से मिलने उसके घर पहुंच गया। उन दोनों को आरती के घरवालों ने साथ देख लिया। इसके बाद रात काे ही दोनों को जमकर पीटा। उसके बाद रस्सी से दोनों की गला घोंटकर हत्या कर दी। फिर सतीश के शव को चारपाई पर लिटाया और गांव के बाहर गन्ने के खेत में चारपाई समेत फेंक आए। सुबह होने के पहले घरवाले आनन-फानन में लड़की के शव को अयोध्या ले जाकर एक खेत में दफना कर लौट आए।

पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने बताया कि युवक के पिता बिंदेश्वरी प्रसाद चौरसिया ने पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई। प्रारंभिक जांच में युवक की गुमशुदगी के साथ ही युवती की मृत्यु और अचानक अंतिम संस्कार किये जाने का सुराग लगा। गहनता से तफ्तीश करने पर दोहरे हत्याकांड का खुलासा हुआ है। युवती के पिता व भाई को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ की तो दोनों ने जुर्म का इकबाल कर लिया। उनकी निशानदेही पर आलाकत्ल, चारपाई और गन्ने के खेत से सतीश का शव बरामद कर लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। 
 


Read More: अखिलेश यादव के भाई प्रतीक पंचतत्व में विलीन, ससुर ने दी मुखाग्नि, अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए