img

नई दिल्ली। भारत ने पाकिस्तान से आने वाले सभी सामानों के आयात (इंपोर्ट) पर रोक लगा दी है। सरकार ने शनिवार को नोटिफिकेशन जारी किया है। इसके साथ ही भारतीय बंदरगाहों पर पाकिस्तानी जहाजों के आने पर भी रोक लगा दी है। बंदरगाह और शिपिंग मिनिस्ट्री ने कहा कि भारतीय जहाज भी पाकिस्तानी बंदरगाहों पर नहीं जाएंगे।

भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ यह कठोर कदम पहलगाम हमले के बाद उठाया है। हालांकि, फिर भी अगर भारत में पाकिस्तान से कोई आयात होगा, तो इसके लिए भारत सरकार की इजाजत लेना आवश्यक होगा। बिना सरकार के आदेश के पाकिस्तान कोई भी चीज भारत में नहीं भेज सकता है।

बता दें कि 22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से ही भारत सरकार पाकिस्तान के खिलाफ कई बड़े फैसले ले रही है। भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु जल समझौता रद कर दिया गया है।

वहीं, भारत में रहने वाले सभी पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने का आदेश दिया गया है। इसके अलावा भारत ने सभी पाकिस्तानी एयरलाइंस के लिए अपना एयरस्पेस भी बंद कर दिया है।

अगर दोनों देशों के बीच के व्यापारिक संबंध और टर्नओवर की बात करें तो 2018-19 में दोनों देशों के बीच का व्यापार 2.56 बिलियन डॉलर के स्तर तक पर था। इसमें भारत ने 495 मिलियन डॉलर का समान पाकिस्तान से आयात किया था, जबकि 2.06 बिलियन डॉलर का सामान पाकिस्तान को निर्यात किया था। 

हालांकि इसके बाद दोनों देशों के बीच का प्रत्यक्ष व्यापारिक संबंध (डायरेक्ट ट्रेड) न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया। 2020-21 में भारत का पाकिस्तान को निर्यात 329 मिलियन डॉलर के स्तर तक गिर गया। हालांकि अनौपचारिक चैनल (इनडायरेक्ट ट्रेड) के जरिए पाकिस्तान ने 2023-24 में भारत से 258.20 मिलियन डॉलर का सामान मंगाया था।


Read More: Gold-Silver Rate: सोने के भाव में जबरदस्त उछाल, चांदी भी हुई लखपति, जानें आज का रेट