img

कानपुर । बिधनू इलाके के न्यू आजाद नगर के प्रयाग इंटर कॉलेज में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। एक छात्र ने भरी कक्षा में चाकू  से गोदकर अपने सहपाठी की हत्या कर दी। 2 दिन पहले दोनों के बीच झगड़ा हुआ था।

 बदला लेने के लिए आरोपी छात्र सोमवार को स्कूल में चाकू लेकर आया। कहासुनी के बाद उसने चाकू से अपने सहपाठी के गले और पेट पर कई वार किए। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार हाईस्कूल के सेक्शन-ए में पढ़ने वाले छात्र नीलेश तिवारी (15) का शनिवार को अपने एक सहपाठी से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। विवाद में साथी छात्रों ने बीच-बचाव करके मामला शांत करा दिया था। सोमवार को दोनों छात्र स्कूल पहुंचे थे। इसके बाद एक बार फिर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हुआ।

आरोपी छात्र अपने साथ घर से बैग में चाकू रखकर लाया था। उसने बैग से चाकू निकालकर नीलेश के पेट और गले पर कई वार कर दिए। क्लास में चीख-पुकार मच गई। वहां मौजूद छात्रों के बीच हड़कंप मच गया।

स्कूल स्टॉफ मौके पर पहुंचा। तो नीलेश तिवारी खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। आनन-फानन में उसे पहले बिधनू सीएचसी और फिर हैलट अस्पताल लाया गया। लेकिन, डॉक्टर उसको बचा नहीं सके। उसके परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंचे। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Read More: लखनऊ के गोमती नगर में निर्माणाधीन इमारत गिरी, मजदूर दबे, एक की मौत