लखनऊ। गोमती नगर के विकल्प खंड में स्थित होटल में कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात सोमवार देर रात हुई। होटल में ठहरी एक युवती के बॉयफ्रेंड ने कर्मचारी को गोली मार दी। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बाराबंकी निवासी देवेंद्र मिश्रा और उदय सेन यादव का पार्टनरशिप में विकल्प खंड में ईशान इन होटल है। जयसिंहपुर, सुल्तानपुर निवासी दिवाकर यादव (20) होटल में काम करता था। होटल में गोरखपुर निवासी एक युवती ठहरी थी।
उदय सेन यादव ने बताया कि सोमवार रात 12:30 से 1 के बीच देवेंद्र मिश्र, शुभम शर्मा, होटलकर्मी राहुल, उदय प्रताप सिंह सब लोग खड़े थे। तभी होटल में रुकी युवती नशे की हालत में फोन पर बात करते हुए बाहर निकली। इस बीच उसको लेने आए युवती के बायफ्रेंड ने अचानक फायरिंग कर दी। गोली सीधे दिवाकर के गले में लगी।
इसके बाद आरोपी बाइक छोड़कर फरार हो गया। दिवाकर को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने युवती की निशानदेही पर उसे गिरफ्तार किया।
Read More: मकर संक्रांति पर संगम तट पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी




