img

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर में कार की टक्कर से कांवड़ खंडित होने पर  बवाल हो गया। गुस्साए कां​वड़ियों ने कार चालक के साथ जमकर मारपीट की और गाड़ी तोड़ दी और जाम लगा दिया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद समझा बुझा कर कांवड़ियों को शांत कराया।

मंगलवार रात में मोदीनगर के राज चौपला क्षेत्र में हरिद्वार से गंगाजल लेकर अनुज, ओम और हरकेश व अन्य कावड़िया मेवात व राजस्थान जा रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी जिससे उनकी कांवड़ खंडित हो गई। जिससे नाराज कांवड़ियों ने कार को रोककर उसमें तोड़फोड़ शुरू कर दी और चालक के साथ मारपीट की।

बवाल बढ़ता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इतना ही नहीं कांवड़ियों ने दिल्ली-मेरठ मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और कांवड़ियों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने घायल कार चालक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी बनी हुई है।

उधर पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड ने बताया कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। उन्होंने कहा, “हर थाने में 50-50 लीटर गंगाजल उपलब्ध कराया गया है, ताकि कांवड़ खंडित होने की स्थिति में तुरंत कांवड़ियों को गंगाजल उपलब्ध कराया जा सके। इस घटना की जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। (हि.स.)


Read More: मकर संक्रांति पर संगम तट पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी