img

बिजनेस डेस्क। मई का महीना आज यानी गुरुवार से शुरू हो गया। आज ही से कई नियमों में बड़ा बदलाव होने जा रहा है जिसका सीधा असर आपके जीवन पर पड़ेगा। आइए जानते हैं इन नए नियमों के बारे में……..

ATM से पैसा निकालना आज से महंगा : भारतीय रिजर्व बैंक ने आज से ATM विड्रॉल चार्ज को रिवाइज किया है। फ्री मंथली लिमिट समाप्त होने के बाद, ग्राहकों को अब ATM पर प्रति लेनदेन 23 रुपये का भुगतान करना होगा। पहले प्रति लेनदेन पर 21 रुपए का चार्ज लगता था।  अब ग्राहकों को हर महीने अपने बैंक के ATM पर 5 फ्री ट्रांजैक्शन्स की सुविधा मिलेगी, मेट्रो शहरों में दूसरे बैंक के ATM पर 3 फ्री ट्रांजैक्शन्स,नॉन-मेट्रो शहरों में दूसरे बैंक के ATM पर 5 फ्री ट्रांजैक्शन्स की सुविधा मिलेगी।

वेटिंग टिकट पर स्लीपर-AC कोच में सफर नहीं: भारतीय रेलवे के नए नियम के अनुसार, वेटिंग लिस्ट टिकट वाले यात्रियों को अब स्लीपर या AC कोच में यात्रा करने की अनुमति नहीं होगी। जिन यात्रियों के टिकट वेटिंग लिस्ट में हैं, वे अब केवल जनरल कोच में ही यात्रा कर सकेंगे। अगर कोई यात्री वेटिंग टिकट पर AC या स्लीपर कोच में यात्रा करता हुआ पाया जाता है, तो उस पर जुर्माना लगेगा। इसका उद्देश्य यात्रा में सुविधा बढ़ाना और कोच में भीड़भाड़ कम करना है।

अमूल का दूध भी महंगा हुआ: अमूल ने देशभर में दूध के दाम में 2 रुपए लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। नई कीमतें आज से लागू हो गई है। अमूल स्टैंडर्ड, अमूल बफैलो मिल्क, अमूल गोल्ड, अमूल स्लिम एंड ट्रिम, अमूल चाय मजा, अमूल ताजा और अमूल काऊ मिल्क की कीमतों में 2 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले मदर डेरी ने भी दूध के दाम में बढ़ोत्तरी की थी। 

कॉमर्शियल सिलेंडर सस्ता: मई की पहली तारीख लोगों के लिए कुछ राहत भी लेकर आई है।आज से 19 किलो वाला कॉमर्शियल सिलेंडर 17 रुपये तक सस्ता हो गया है। दिल्ली में इसकी कीमत 14.50 रुपये घटकर 1747 रुपये हो गईं। पहले ये 1762 में मिल रहा था। कोलकाता में यह 17 रुपये घटकर 1851.50 रुपये में मिल रहा है, पहले इसके दाम 1868.50 रुपये थे।


Read More: पेट्रोल-डीजल 3-3 रुपये महंगा, नई दर आज से लागू, CNG के भी दाम बढ़े