img

लखनऊ। कांग्रेस उत्तर प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव नहीं लड़ेगी। राज्य में पार्टी के प्रभारी अविनाश पांडे ने गुरुवार को कहा, ' कांग्रेस INDIA गठबंधन के उम्मीदवारों को जीतने में मदद करेगी।' इसके बाद सपा ने गाजियाबाद और खैर सीटों पर भी अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया। 7 सीटों पर पहले ही प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर चुकी थी।

राज्य की 9 विधानसभा सीटों पर 13 नवंबर को उपचुनाव होना है। रिजल्ट 23 नवंबर को आएंगे। इससे पहले अखिलेश यादव ने बुधवार रात 11.11 बजे X पर कहा, 'INDIA गठबंधन के प्रत्याशी सपा के चुनाव निशान ‘साइकिल’ पर ही चुनाव लड़ेंगे। गुरुवार सुबह अखिलेश ने राहुल का हाथ थामे एक फोटो भी शेयर किया।'

अखिलेश के ऐलान के बाद गुरुवार सुबह भाजपा ने तंज कसा। प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा- इंडी गठबंधन खंड-खंड हो गया। यूपी में हाथ का पंजा एक बार फिर खाली रह गया। कांग्रेस हाथ मलती रह गई। सपा ने कांग्रेस को धोबी पछाड़ दांव दिया है।

भाजपा का 'कांग्रेस मुक्त' नारा सपा साकार कर रही है। कांग्रेस अपनी दुर्दशा के लिए खुद जिम्मेदार है। अखिलेश ने मध्य प्रदेश और हरियाणा विधानसभा चुनाव का बदला ले लिया है।


Read More: माफिया अतीक अहमद के बेटे मौत, बड़े भाई से मिलने झांसी जेल जा रहा था, कार डिवाइडर से टकराई