img

धर्म डेस्क। सनातन धर्म में 'अक्षय तृतीया' (Akshaya Tritiya) का पर्व अत्यंत पवित्र और भाग्यशाली माना जाता है। इसे 'आखा तीज' के नाम से भी जाना जाता है। वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाए जाने वाले इस पर्व का सीधा संबंध धन की देवी मां लक्ष्मी और पालनहार भगवान विष्णु से है। इस वर्ष 'अक्षय तृतीया 19 अप्रैल को पड़ रही है। ज्योतिष शास्त्र में ऐसी 5 बेहद शुभ और सस्ती चीजों का जिक्र है, जिन्हें अक्षय तृतीया के दिन घर लाने से मां लक्ष्मी दौड़ी चली आती हैं और घर में कभी धन-धान्य की कमी नहीं होती।

अक्षय तृतीया का महत्व और पूजा विधि: शास्त्रों के अनुसार, अक्षय तृतीया के दिन ही त्रेता युग का आरंभ हुआ था और इसी दिन भगवान परशुराम का भी जन्म हुआ था। इस दिन को 'स्वयंसिद्ध मुहूर्त' या 'अबूझ सावा' माना जाता है, यानी इस दिन बिना कोई पंचांग देखे आप शादी-विवाह, गृह प्रवेश या नया व्यापार शुरू कर सकते हैं। इस पावन अवसर पर सुबह जल्दी उठकर गंगा या किसी पवित्र नदी में स्नान करने (या नहाने के पानी में गंगाजल मिलाकर नहाने) का विशेष महत्व है। इसके बाद विधि-विधान से भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की पूजा-आराधना की जाती है।

मां लक्ष्मी को अत्यंत प्रिय हैं ये चीजें

1. पीली कौड़ियां : समुद्र मंथन के दौरान मां लक्ष्मी के साथ-साथ कौड़ियों की भी उत्पत्ति हुई थी। इसलिए कौड़ियां धन की देवी को बहुत प्रिय हैं। अक्षय तृतीया के दिन 5 या 7 पीली कौड़ियां खरीदकर लाएं, उन्हें लाल कपड़े में बांधकर मां लक्ष्मी के चरणों में रखें और पूजा के बाद अपनी तिजोरी या धन रखने वाले स्थान पर रख दें। इससे बरकत बनी रहती है।

2. एकाक्षी नारियल : सामान्य नारियल में तीन आंखें होती हैं, लेकिन एकाक्षी नारियल में केवल एक आंख होती है। इसे साक्षात मां लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर इसे घर के मंदिर में स्थापित करने से आर्थिक तंगी दूर होती है और कर्ज से मुक्ति मिलती है।

3. जौ : हिंदू धर्म में जौ को सोने के समान ही पवित्र और मूल्यवान माना गया है। भगवान विष्णु की पूजा में जौ का विशेष रूप से उपयोग होता है। यह सबसे सस्ती और शुभ चीज है जिसे आप इस दिन खरीद सकते हैं। पूजा के बाद इन जौ को लाल कपड़े में बांधकर तिजोरी में रखने से धन में अपार वृद्धि होती है।

4. दक्षिणावर्ती शंख : भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की पूजा शंख के बिना अधूरी मानी जाती है। अक्षय तृतीया के दिन दक्षिणावर्ती शंख खरीदकर घर लाना और उसमें जल भरकर पूरे घर में छिड़कना नकारात्मक ऊर्जा को खत्म करता है। इससे घर में सुख-शांति और समृद्धि का वास होता है।

5. मिट्टी का घड़ा : अक्षय तृतीया का पर्व गर्मियों के मौसम में आता है। इस दिन मिट्टी का नया घड़ा या मटका खरीदना और उसमें पानी भरकर दान करना महापुण्य का काम माना जाता है। घर के लिए भी एक मिट्टी का घड़ा जरूर खरीदें, यह परिवार में शीतलता, सुख और स्वास्थ्य लेकर आता है

 


Read More: हनुमान जन्मोत्सव पर करें ये अचूक उपाय, बजरंगबली चमका देंगे किस्मत, जानें पूजा का शुभ मुहूर्त