लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। आपूर्ति विभाग और सरोजनी नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार देर रात कार्रवाई में करते हुए एक गैराज से कुल 38 घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडर जब्त किए। साथ ही एक पिकअप गाड़ी और ट्रक भी बरामद किया गया।
पूर्ति निरीक्षक अशोक कुमार चौरसिया ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी। इसमें बताया गया कि सरोजनी नगर की हिंदनगर एलडीए कॉलोनी स्थित जनता गैराज इंटरप्राइजेज परिसर में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण और कालाबाजारी की जा रही है।
सूचना के आधार पर एसीएम (तृतीय) बृजेश वर्मा के नेतृत्व में जिला पूर्ति अधिकारी विजय प्रताप सिंह, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेश कुमार सरोज, अरविंद कुमार सिंह, परवेज अख्तर और पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। जांच में पाया गया कि बिना वैध कनेक्शन और अभिलेखों के विभिन्न कंपनियों के सिलेंडरों को अवैध रूप से एकत्र कर अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से रखा गया था।
कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए 38 सिलेंडरों को शीला गैस सर्विस, रामगढ़ के प्रबंधक आलोक कुमार वर्मा को सुपुर्द किया गया। बोलेरो मैक्स वाहन मोहम्मद यूनुस को सौंपा गया, जबकि ट्रक (यूपी 32 क्यूएन 5333) को सरोजनीनगर थाने में दाखिल कर दिया गया है।
पूर्ति निरीक्षक के अनुसार, इस मामले में सरोजनी नगर के हिंदनगर, एलडीए कॉलोनी निवासी मोहम्मद यूनुस, मोहम्मद इलियास और मोहम्मद यूसुफ के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हरदोई जिले के कासिमपुर थाने में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
Read More: जल जीवन मिशन योजना में लापरवाही पर 26 इंजीनियर और कर्मियों पर कार्रवाई, 12 निलंबित




