img

नई दिल्ली । हवाई जहाज से सफर करने वालों को जोर का झटका लग सकता है। सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (ओएमसी) ने नए वित्त वर्ष 2026-27 के पहले दिन ही एटीएफ यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल या जेट फ्यूल के दाम में जबरदस्त बढ़ोतरी कर दी है। इस बढ़ोतरी के बाद पहली बार जेट फ्यूल की कीमत दो लाख रुपये प्रति किलो लीटर के स्तर को पार कर गई है। पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण देश में पहली बार जेट फ्यूल की कीमत में दोगुनी से भी अधिक बढ़ोतरी की गई है।

बता दें कि ये लगातार दूसरा महीना है, जब सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने जेट फ्यूल की कीमत मे इजाफा किया है। आज इसकी कीमत में दोगुनी से भी ज्यादा बढ़ोतरी होने के कारण तमाम एयरलाइंस समेत सिविल एविएशन सेक्टर में काम करने वाली सभी कंपनियों के ऑपरेटिंग कॉस्ट में जबरदस्त बढ़ोतरी होना तय हो गया है। ऐसी स्थिति में अब हवाई सफर के और महंगा हो जाने की आशंका भी बन गई है।

दिल्ली में जेट फ्यूल की कीमत 1,10,703.08 रुपये प्रति किलो लीटर यानी 114.5 प्रतिशत बढ़ा दी गई है। इस बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत 2,07,341.22 रुपये प्रति किलो लीटर हो गई है। आज के पहले पिछले महीने एक मार्च को एटीएफ की कीमत में 5,244.75 रुपये प्रति किलो लीटर यानी 5.70 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई थी।

मौजूदा समय में अमेरिका और इजराइल तथा ईरान के बीच जारी जंग की वजह से पूरी दुनिया के सामने ऊर्जा के संकट की स्थिति बन गई है। (हि.स.)


Read More: सोना और चांदी की चमक पड़ी फीकी, सर्राफा बाजार में गिरावट, जानें अपने शहर का रेट