लखनऊ । अमूल और मदर डेरी के बाद अब लखनऊ दुग्ध संघ (पराग)ने भी दूध के दाम में बढ़ोत्तरी कर दी है। पराग ने प्रति लीटर दूध की कीमतों में 1 रुपये की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। पराग दूध के मैनेजिंग डायरेक्टर विकास बालियान ने जानकारी देते हुए कहा कि दूध उत्पादन, संग्रहण और वितरण की लागत में लगातार वृद्धि हो रही है, जिसकी वजह से यह कदम उठाया गया है।
नई कीमतों के मुताबिक, एक लीटर फुल क्रीम दूध जो पहले 68 रुपये का था, अब 69 रुपये में मिलेगा। वहीं आधा लीटर फुल क्रीम दूध की कीमत 34 रुपये से बढ़कर अब 35 रुपये हो गई है। टोंड दूध की कीमत भी बढ़ी है, अब एक लीटर टोंड दूध 56 की जगह 57 रुपये में मिलेगा और आधा लीटर का पैक 28 की जगह 29 रुपये में उपलब्ध होगा। स्टैंडर्ड दूध का एक लीटर पैक अब 32 रुपये में मिलेगा। 5 लीटर वाले पैकेट की कीमत भी 280 रुपये से बढ़कर अब 290 रुपये हो गई है।
इससे पहले 30 अप्रैल को मदर डेयरी और अमूल ने अपने दूध के दामों में प्रति लीटर 2 रुपये की वृद्धि की थी। कीमतों में इस बढ़ोतरी के बाद विशेषज्ञों का मानना है कि दूध से बनने वाले उत्पादों जैसे पनीर, दही और घी की कीमतों में भी जल्द ही वृद्धि देखने को मिलेगी।
Read More: पेट्रोल-डीजल 3-3 रुपये महंगा, नई दर आज से लागू, CNG के भी दाम बढ़े




