लखनऊ । 69000 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के घर का घेराव कर रहे हैं। आवास पर जमकर नारेबाजी की जा रही है। प्रदर्शनकारी मंत्री से वार्ता कर अपनी मांग को पूरा करने का दबाव भी बना रहे हैं।
लगभग 1 घंटे से प्रदर्शन जारी है। लेकिन अभी तक मंत्री से बात नहीं हो सकी है। अभ्यर्थियों का कहना है कि संजय निषाद के घर का दरवाजा अभी भी बंद है। जब तक वार्ता नहीं हो जाती तब तक हम लोग यहां से हटेंगे नहीं।
प्रदर्शनकारियों ने इससे पहले गुरुवार को ओम प्रकाश राजभर, बुधवार को अभ्यर्थियों ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का आवास घेरा था। मंगलवार को केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और सोमवार को डिप्टी सीएम केशव मौर्य के आवास का घेराव किया था। यह लगातार पांचवा दिन जब किसी बड़े ओबीसी नेता के आवास का घेराव होने जा रहा है।
आंदोलन व धरना प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अमरेंद्र पटेल ने कहा कि हम ओबीसी और एससी वर्ग के नेताओं और मंत्रियों के आवास का घेराव इसलिए भी कर रहे हैं कि वह मुख्यमंत्री योगी से मुलाकात कर इस मामले का समाधान कराये। हम सभी अभ्यर्थी पिछले चार साल से सड़कों पर भटक रहे हैं अब कोर्ट का फैसला आया है तो इसका पालन किया जाना चाहिए।
पटेल ने कहा कि, कोर्ट ने 69 हजार शिक्षक भर्ती मूल चयन सूची रद्द करते हुए सरकार को तीन महीने के अंदर आरक्षण नियमों का पालन करते हुए नई सूची जारी करने का आदेश दिया है। लेकिन सरकार ने अभी तक कोई काम शुरू नहीं किया है केवल एक मीटिंग की है। हमारी मांग है कि सरकार हमारी चयन संबंधित प्रकिया का कार्यक्रम शेड्यूल जारी कर दे।
Read More: यूपी के मऊ में दर्दनाक हादसा, दूसरी लेन में घुसी स्कॉर्पियो, ट्रेलर से टकराई, 5 की मौत




