मुंबई। 'गदर: एक प्रेम कथा' का सीक्वल 'गदर 2' अगले महीने अगस्त में रिलीज होने जा रहा है। अनिल शर्मा द्वारा निर्देशित इस फिल्म में अभिनेता सनी देओल, अमीषा पटेल और उत्कर्ष शर्मा नजर आएंगे। हाल ही में घोषणा की गई थी कि फिल्म का ट्रेलर अगले हफ्ते 27 जुलाई को लॉन्च किया जाएगा. अब, फिल्म का नया मोशन पोस्टर शेयर किया गया है.
बता दें कि, 'गदर 2' के मेकर्स ने सोशल मीडिया पर एक नया मोशन पोस्टर शेयर किया है, जिसमें सनी देओल और उत्कर्ष शर्मा पावर-पैक अवतार में नजर आ रहे हैं. पोस्टर की टैगलाइन कहती है, "एक पिता का प्यार कोई सीमा नहीं जानता." इसमें सनी देओल के किरदार तारा सिंह और उत्कर्ष शर्मा के जीते को एक मजबूत लुक में दिखाया गया है, जो हाथ पकड़कर गोलियों और विस्फोटों की बौछार के बीच दौड़ रहे हैं।
बैकग्राउंड में सनी को जोर-जोर से 'हिंदुस्तान जिंदाबाद' कहते हुए भी सुना जा सकता है. पोस्टर के साथ कैप्शन में लिखा गया था, "तारा सिंह अपने देश और परिवार की रक्षा के लिए किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं."
फैंस को पोस्टर बेहद दमदार और एक्शन से भरपूर लगा और उन्हें यकीन है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा देगी. उन्होंने तुरंत पोस्टर के नीचे कमेंट करना शुरू कर दिया. एक कमेंट में लिखा था, "हे भगवान...सभी बॉक्सऑफिस रिकॉर्ड तोड़ दो." एक अन्य फैन ने कहा, "न केवल 90 के दशक बल्कि 20 के दशक के बच्चे भी वही महसूस कर सकते हैं जो मैं सनी पाजी को इस भूमिका में वापस देखकर महसूस कर रहा हूं. हिंदुस्तान जिंदाबाद!!!"
Read More: श्रेया कालरा बनीं 'लॉकअप 2' की विजेता, राम कपूर और शिल्पा शिदें जैसे मजबूत प्रतियोगियों को पछाड़ा




