img

भोपाल। प्रदेश में मार्च के महीने में अभी तक आंधी, बारिश और ओले के दो दौर हो चुके हैं। अब 23 मार्च से एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। इस दौरान कई जिलों में बारिश होगी। इस सिस्टम का असर ग्वालियर-चंबल संभाग में ज्यादा दिखाई देगा, जबकि भोपाल और इंदौर में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं, बुधवार को ज्यादातर जिलों में मौसम के साफ रहने की संभावना है।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे के अनुसार 16 मार्च से एक्टिव सिस्टम 20-21 मार्च को अप्रभावी हो गया। इससे अधिकांश शहरों में मौसम में सुधार हुआ है, लेकिन 23-25 मार्च के बीच बारिश का एक और दौर आने वाला है। हालांकि इसका असर पूरे प्रदेश में न होकर ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में ही रहेगा। अन्य जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 23 से 25 मार्च के बीच भोपाल, विदिशा, सीहोर, बैतूल, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, रीवा, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में मौसम बदला रहेगा। तेज हवा के साथ हल्की बारिश होने के भी आसार है।

राजधानी भोपाल में बुधवार को बारिश के आसार नहीं है। सिस्टम लौटने की वजह से आसमान साफ रहेगा, लेकिन 23 और 24 मार्च को फिर मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार इस दौरान राजधानी भोपाल में बूंदाबांदी या हल्की बारिश भी हो सकती है।


Read More: मध्य प्रदेश की धार भोजशाला मंदिर करार, हाई कोर्ट ने हिंदू पक्ष की मांग पर लगाई मुहर