img

भोपाल। प्रदेश के कई जिलों में अगले 4 दिन तक ओले-तेज आंधी और बारिश का दौर चलेगा। मौसम विभाग के अनुसार आज भोपाल, इंदौर, जबलपुर-ग्वालियर में बादल छाए रहेंगे, तो नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जो नया सिस्टम एक्टिव हुआ है, यह पिछले दो सिस्टम की तरह स्ट्रॉन्ग तो नहीं, लेकिन किसानों की मुश्किलें बढ़ा सकता है।

मौसम विभाग ने दी जानकारी 

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से प्रदेश के उत्तरी-पूर्वी इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और ओलावृष्टि का असर रहेगा। ग्वालियर, चंबल, रीवा, सागर, शहडोल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर और नर्मदापुरम संभाग में 27 मार्च तक मौसम का असर देखने को मिलेगा। राजधानी भोपाल में भी आज बारिश के आसार हैं। शनिवार को कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान ओलावृष्टि और तेज आंधी भी चल सकती है। इस बीच दिन का तापमान 33 और रात में पारा 18 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।

प्रदेश भर में रहेगा चक्रवात का असर 

मौसम वैज्ञानिक नरेंद्र मेश्राम ने बताया कि राजस्थान के ऊपर एक चक्रवात बना है। वहीं, श्रीलंका से नॉर्थ मध्यप्रदेश की तरफ ट्रफ लाइन आ गई है। हालांकि, यह पिछले दो सिस्टम जितनी स्ट्रॉन्ग नहीं है, लेकिन इसका असर प्रदेशभर में रहेगा। शुक्रवार से इसका असर मौसम पर दिखाई देने लगेगा। इससे प्रदेश के कई जिलों में फिर ओले गिरेंगे, तो 40 से 60 कि.मी. प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
 


Read More: मध्य प्रदेश की धार भोजशाला मंदिर करार, हाई कोर्ट ने हिंदू पक्ष की मांग पर लगाई मुहर