img

त्रिवेंद्रम। Wayanad Landslide : केरल के वायनाड में तेज बारिश की वजह से देर रात 4 अलग-अलग जगहों पर लैंडस्लाइड हुई। इसमें 4 गांव बह गए। घर, पुल, सड़कें और गाड़ियां भी बह गईं। अब तक 36 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 400 से ज्यादा लोगों के लापता होने की खबर है। घटना देर रात 2 बजे और 4 बजे की है।

रेस्क्यू के लिए SDRF और NDRF की टीम मौके पर मौजूद है। कन्नूर से आर्मी के 225 जवानों को वायनाड के लिए रवाना किया गया है। इसमें मेडिकल टीम भी शामिल है। इसके अलावा एयरफोर्स के 2 हेलिकॉप्टर भी रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे हुए हैं।

वायनाड के 4 गांव- मुंडक्कई, चूरलमाला, अट्टामाला और नूलपुझा में लैंडस्लाइड की घटना हुई है। बता दें कि 5 साल पहले 2019 में भी इन्हीं गांवों में लैंडस्लाइड की घटना हुई थी, जिसमें 17 लोगों की मौत हुई थी। 5 लोगों का आज तक पता नहीं चला। 52 घर तबाह हुए थे।

वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वायनाड में हुए भूस्खलन में मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने इस आपदा पर दुख जताया है। इस बीच मुंडक्कई, चूरलमाला, अट्टामाला और नूलपुझा गांव का संपर्क कट गया है। अभी भी भूस्खलन हो रहा है।


Read More: Uttarakhand Board Result: 10वीं में अक्षत गोपाल, 12वीं में गीतिका पंत और सुशीला मेंहदीरत्ता टॉपर