देहरादून। उत्तराखंड में हो रही मूसलाधार बारिश के मद्देनजर चारधाम यात्रा पर आगामी दो दिन के लिए रोक लगा दी गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मोर्चा संभालते हुए सभी राहत और बचाव दलों को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
बरसात और भूस्खलन की स्थिति पर सोमवार को शासकीय आवास पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उच्चस्तरीय बैठक की। मुख्यमंत्री ने जनपद पौड़ी में अतिवृष्टि के कारण कुछ लोगों के हताहत होने पर दुख व्यक्ति किया। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं। घायलों को समुचित उपचार के भी निर्देश दिए हैं। खराब मौसम की वजह से दो दिन के लिए चारधाम यात्रा स्थगित कर दी गई है। उन्होंने श्रद्धालुओं से मौसम के अनुरूप होने पर ही यात्रा करने का आग्रह किया है।
गंगा समेत कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर

राज्य में लगातार हो रही बारिश से गंगा, अलकनंदा, मंदाकिनी नदी सहित अन्य नदियों का जल स्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। राज्य के हरिद्वार, पौड़ी, टिहरी और देहरादून जिलाधिकारियों को अलर्ट रहने के साथ ही हर घंटे में स्थिति को लेकर रिपोर्ट देने को कहा गया है।
राज्य आपदा परिचालन केंद्र की ओर से चार जिले हरिद्वार, पौड़ी, टिहरी और देहरादून जिले के जिलाधिकारियों को नदियों के बढ़ते जल स्तर को देखते हुए सतर्क और चौकन्ना रहने को कहा गया है। प्रदेश में अलकनंदा, मंदाकिनी नदी (रुद्रप्रयाग), अलकनंदा नदी (श्रीनगर) गंगा नदी (देवप्रयाग) का जल स्तर खतरे के स्तर से ऊपर प्रवाहित हो रहा है। सौंग नदी देहरादून का जल स्तर अधिकतम बाढ़ स्तर से भी ऊपर प्रवाहित हो रहा है।
जिलाधिकारी को अपने-अपने जनपद में आम जनों के बचाव के लिए सभी इकाइयों को सक्रिय करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। साथ ही प्रत्येक घंटे की सूचना राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र, देहरादून को जानकारी देने को कहा गया है।
केन्द्रीय जल आयोग के लिंक http//ffs.india-water.gov.in से जलस्तर के खतरे की स्थिति की सत्त मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाए। समस्त संबंधित अधिकारी किसी भी प्रकार की आपदा की सूचना राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष के फोन नम्बरों 0135-2710335, 2664314, 2664315, 2664316, फैक्स नं. 0135-2710334, 2664317. टोल फ्री नं. 1070, 9058441404 और 8218867005 पर तत्काल देना सुनिश्चित करेंगे।
Read More: Uttarakhand Board Result: 10वीं में अक्षत गोपाल, 12वीं में गीतिका पंत और सुशीला मेंहदीरत्ता टॉपर




