img

हल्द्वानी। Uttarakhand News: नैनीताल दुग्ध संघ के हल्द्वानी के लालकुआं स्थित प्लांट में अमोनिया गैस के सोमवार को रिसाव होने के चलते वहां काम कर रहे कई कर्मचारी घायल हो गए। इससे प्लांट में अफरा-तफरी मच गयी और घायल कर्मचारियों को आनन फानन में हल्द्वानी के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया जबकि कुछ गंभीर कर्मचारियों को हल्द्वानी के सोबन सिंह जीना बेस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां पर डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।

यह घटना आज सुबह की बताई जा रही है जब दुग्ध संघ के प्लांट में अमोनिया गैस का रिसाव होने के चलते तकरीबन 8 कर्मचारियों के प्रभावित होने की बात बतायी जा रही है, जिनकाे विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई पीड़ित कर्मचारी हल्द्वानी के निजी अस्पताल में भी भर्ती हैं, जहां सभी की स्थिति ठीक बतायी जा रही है। फिलहाल प्लांट को बंद कर दिया गया है।

इस बारे में एसडीएम परितोष वर्मा का कहना है कि अमोनिया गैस का रिसाव किन कारणों से हुआ है, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने खुद बेस हॉस्पिटल जाकर घायलों का हाल-चाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों को घायलों का बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने कहा पूरे मामले की जांच की जाएगी। उधर,बेस हॉस्पिटल की सीएमएस सविता ह्यांकी ने बताया कि घायलों का इलाज चल रहा है। सभी कर्मचारी पूरी तरह से ठीक हैं। स्थिति नियंत्रण में है और कुछ लोगों को छुट्टी दे दी गई है।
 


Read More: Uttarakhand Board Result: 10वीं में अक्षत गोपाल, 12वीं में गीतिका पंत और सुशीला मेंहदीरत्ता टॉपर