लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके में इंडियन ओवसीज बैंक के 42 लॉकर तोड़ने वाले बदमाशों और पुलिस के मुठभेड़ हुई। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। पुलिस ले घायल आरोपी और उसके दो साथियों को पकड़ लिया है। जबकि 4 बदमाश कार से फरार हो गए। पुलिस ने लूट का माल बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से से एक देशी कट्टा, दो कारतूस, एक कार और लॉकर काटने वाला कटर बरामद हुआ है। घायल आरोपी बिहार के मुंगेर का रहने वाला है।
पुलिस ने बताया- सोमवार सुबह मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि बैंक के लॉकर काटने वाले बदमाश चिनहट इलाके में हैं। कार से अयोध्या की तरफ जा रहे हैं। इस पर क्राइम टीम पूर्वी और चिनहट पुलिस ने सघन चेकिंग शुरू की। इस दौरान 2 कार में 3 संदिग्ध युवक नजर आए। कार रुकवाई तो वे पुलिस पर फायरिंग करने लगे।
तीनों गाड़ी से उतर कर पुलिस पर फायरिंग करते हुए खेतों की तरफ भागने लगे। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल आरोपी को अस्पताल भिजवाया और उसके दाे साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी के 3 लाख रुपए नगद, सोने और चांदी की ज्वेलरी, घटना में इस्तेमाल देसी तमंचा, कारतूस बरामद किया है। ज्वेलरी का आकलन अभी किया जा रहा है। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि कुल 7 लोगों ने मिलकर घटना को अंजाम दिया। सभी बिहार के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं।
पकड़े गए बदमाश
मुठभेड़ के दौरान अरविंद कुमार (22) पुत्र चौधरी सिंह निवासी ग्राम सिटकुंडी, पोस्ट- दरियापुर, थाना मोफसिल, जिला मुंगेर को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया।
इसके अलावा बलराम कुमार (28) पुत्र बिंदेश्वरी बिंद निवासी ग्राम-पिलदौरी, थाना-सुलतानगंज, जिला-भागलपुर, बिहार और कैलाश बिंद (28) पुत्र पुनीत बिंद निवासी ग्राम-बउअरी, पोस्ट- खेराडोरा, थाना- हवेली सड़कपुर, जिला-मुंगेर, बिहार गिरफ्तार हैं।
Read More: यूपी के मऊ में दर्दनाक हादसा, दूसरी लेन में घुसी स्कॉर्पियो, ट्रेलर से टकराई, 5 की मौत




