प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के चर्चित उमेश पाल हत्याकांड में शामिल एक आरोपी अरबाज को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। मुठभेड़ सोमवार दोपहर धूमनगंज में नेहरू पार्क के पास हुई। अरबाज अतीक अहमद के बेटे असद का ड्राइवर था। अरबाज को बाहुबली अतीक अहमद का बेहद खास माना जाता था। उसका पिता भी अतीक अहमद की गाड़ी चलाता था।
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद से अरबाज नेहरू पार्क इलाके में छिपा था। उसने पुलिस पर गोली चलाई। जिसमें एक सिपाही घायल हो गया। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। उसके सीने और पैर में गोली लगी है। पुलिस ने घायल अरबाज को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई।
उमेश पाल पर हमला करने के बाद अरबाज का चेहरा सीसीटीवी फुटेज में आया था। पता चला था कि पुरामुफ्ती के सल्लाहपुर निवासी अरबाज नाम का शातिर अपराधी कार चला रहा था। उसने उमेश पर हमला भी किया था।
अतीक की पत्नी से पूछताछ
अतीक अहमद की पत्नी और बसपा नेता शाइस्ता परवीन, उनके बेटे एजम, अबान, अली, उमर और दोस्त रेहान से पुलिस पूछताछ कर रही है। जेलों में बंद अतीक के गुर्गों से भी यूपी एसटीएफ पूछताछ कर रही है। यही नहीं, अहमदाबाद जेल में बंद अतीक से मिलने वालों की भी डिटेल खंगाली जा रही है। इस काम में जेल अधीक्षक को भी लगाया गया है। पुलिस को इस बात की भी आशंका है कि शूटर नेपाल न भाग जाएं। यही कारण है कि नेपाल के सीमावर्ती जिलों को अलर्ट मोड में डाल दिया गया है।
Read More: लखनऊ के गोमती नगर में निर्माणाधीन इमारत गिरी, मजदूर दबे, एक की मौत




