हरिद्वार। ज्येष्ठ पूर्णिमा स्नान के साथ वीकेंड के चलते तीर्थनगरी भीषण जाम के झाम में फंसी नजर आईं। शहर की हर सड़क या गली में जाम ही जाम नजर आया। जाम के कारण यात्रियों के साथ स्थानीय लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी। भीड़ के कारण स्थानीय लोग घरों में ही कैद रहने का मजबूर हुए।
जाम के साथ उमस भरी गर्मी ने लोगों की समस्याओं में और इजाफा कर दिया। जाम के साथ लोग गर्मी से भी परेशान दिखे। भीड़ के कारण प्रशासन की यातायात व्यवस्था धड़ाम हो गई। पुलिस के लाख मशक्कत के बाद भी जाम के झाम से लोगों को निजात नहीं मिल पाई।
शहर के भीतरी मार्गों के साथ हाइवे पर भी भारी जाम रहा। सब वे पर भी भीड़ के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। जाम का आलम यह था की दो किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए बड़े वाहनों को एक घंटे से अधिक का समय लगा। ज्वालापुर से नेपाली फार्म तक जाम ने लोगों को खासा परेशान किया। जाम में फंसे लोग गमी के कारण खासे परेशान दिखाई दिए। मंशा देवी और हरकी पैड़ी मार्ग अपर रोड पर तो स्थिति ऐसी थी कि पैदल चलने वालों का भी जाम लगा हुआ था। जाम खुलवाने के लिए यातायात व्यवस्था में लगे पुलिसकर्मी व्यवस्था बनाने में जुटे रहे, किन्तु किसी प्रकार की कोई राहत नहीं मिल पाई। समाचार लिखे जाने तक वाहन हाईवे पर रेंग-रेंगकर चलने को मजबूर थे।
गौरतलब है कि ज्योष्ठ पूर्णिमा के साथ रविवार होने और स्कूलों में अवकाश हो जाने के कारण देश के विभिन्न प्रांतों के श्रद्धालुओं की सैलाब तीर्थनगरी में उमड़ पड़ा। दूसरा चार धाम यात्रा आरम्भ होने के कारण भी लोगों की पहले से ही भीड़ थी। आज भीड़ के कारण सारी व्यवस्थाएं धड़ाम हो गईं। तीर्थ यात्रियों की भारी भीड़ के चलते शहर से लेकर बाइपास तक भारी जाम की स्थिति बनी रही।
Read More: Uttarakhand Board Result: 10वीं में अक्षत गोपाल, 12वीं में गीतिका पंत और सुशीला मेंहदीरत्ता टॉपर




