img

भोपाल। मध्य प्रदेश में बीते दिनों हुई बारिश के बाद तीन दिन से मौसम साफ हो गया है और इसके साथ ही सूरज ने भी तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक 43 डिग्री सेल्सियस तापमान राजगढ़ में दर्ज किया गया, जो प्रदेश में इस सीजन का सबसे अधिक तापमान है।

प्रदेश का राजगढ़ लगातार दूसरे दिन देश के सबसे गर्म शहरों में

इसके साथ ही राजगढ़ बुधवार को लगातार दूसरे दिन देश के सबसे गर्म शहरों में पहले नंबर पर रहा। इससे पहले मंगलवार को भी राजगढ़ देश के गर्म शहरों में पहले नंबर पर रहा था। राजधानी भोपाल में लगातार दूसरे दिन तेज गर्मी रही। बुधवार को तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इंदौर में पारा 38.3 डिग्री रहा। वहीं, जबलपुर में 39.8 और ग्वालियर में तापमान 39.3 डिग्री तक पहुंच गया।

प्रदेश के 10 शहरों में रहा पारा 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक

इस संबंध में मौसम विभाग में वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में मध्य प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाली कोई मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। आसमान साफ रहने के कारण तेज धूप निकल रही है। इससे गर्मी के तेवर तीखे होने लगे हैं। बुधवार को प्रदेश के 10 शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो गुरुवार–शुक्रवार को भी गर्मी के तेवर इसी तरह रहेंगे। हालांकि, इस दौरान इंदौर संभाग के जिलों में कहीं–कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है। इसके बाद 15 अप्रैल से एक बार फिर प्रदेश में कहीं–कहीं बादल छा सकते हैं।


Read More: मध्य प्रदेश की धार भोजशाला मंदिर करार, हाई कोर्ट ने हिंदू पक्ष की मांग पर लगाई मुहर