मुंबई। महाराष्ट्र में बुलढ़ाणा जिले के सिंदखेड राजा इलाके में समृद्धि हाइवे पर पिंपलखुटा फाटा के पास विदर्भ ट्रेवल्स की बस (एमएच29 बीई-1819) में आधीरात बाद करीब 1ः30 बजे आग लग गई। इससे बस में सवार 26 लोगों की मौत हो गई । मृतकों में तीन बच्चे शामिल हैं।

महाराष्ट्र के गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रात को हुए बुलढ़ाणा बस हादसे के कारणों की उच्चस्तरीय जांच का आदेश दिया है। फडणवीस ने शनिवार को पत्रकारों को बताया झुलसे और घायल यात्रियों की हालत खतरे से बाहर है। घटना बहुत ही दुखद है। राज्य सरकार पीड़ितों के साथ है।
उन्होंने कहा बस ड्राइवर दानिश शेख इस्माइल शेख को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। जिला अस्पताल में से पांच लोगों को छुट्टी दे दी गई है। अस्पताल में इलाज के दौरान एक यात्री ने दम तोड़ दिया। इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है।
इससे पहले मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रत्येक मृतक के आश्रित को पांच लाख रुपये की मदद देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि झुलसे सभी लोगों का इलाज सरकारी खर्च से किया जाएगा। शिंदे ने वाहनचालकों से समृद्धि हाइवे पर संभल कर चलने की अपील की है।
जिला पुलिस अधीक्षक सुनील कड़ासेन ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद बस की डीजल की टंकी फट गई। दुर्घटनाग्रस्त बस में घर्षण की वजह से हुए स्पार्क से आग लग गई । हादसे की जांच कराई जाएगी। पहली प्राथमिकता डीएनए परीक्षण से शवों की पहचान कर उन्हें रिश्तेदारों को सौंपना है।
पुलिस के अनुसार बस नागपुर से पुणे जा रही थी। 30 जून को यह बस शाम 5 बजे नागपुर से पुणे के लिए रवाना हुई थी। 01 जुलाई की रात 1ः30 बजे बस का अगला टायर अचानक निकल गया और डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस दौरान बस में आग लग गई । बस में आग लगने के बाद आठ यात्री बस का शीशा तोड़कर बाहर किसी तरह निकल पाए। मगर वह भी झुलस गए। बस से निकलते वक्त कुछ चोट भी इन लोगों को आई है।
Read More: ICSE, ISC बोर्ड का रिजल्ट जारी, 10वीं में 98.18% तो 12वीं में 99% स्टूडेंट्स पास




